वाराणसी

वाराणसी के 46 केंद्रों पर शुरू हुई UP पुलिस की SI भर्ती परीक्षा, 77 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी होंगे शामिल, 1356 पुलिसकर्मी तैनात

वाराणसी के 46 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश एसआई भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। 14 और 15 मार्च को आयोजित इस परीक्षा में 77 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं...

2 min read
Mar 14, 2026
परीक्षा केंद्र पहुंचे अभ्यर्थी

वाराणसी: जिले के 46 केंद्रों पर उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। 14 और 15 मार्च को यह परीक्षा संपन्न कराई जाएगी और वाराणसी में आयोजित हो रही इस परीक्षा में 77764 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी इस परीक्षा के लिए तैनात किए गए हैं।

बनाए गए हैं 46 केंद्र

पूरे प्रदेश में आज उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसी कड़ी में वाराणसी में भी 46 केंद्रों पर यह परीक्षा संपन्न होगी। इसमें कुल 77764 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस परीक्षा को 14 और 15 मार्च में संपन्न करना है। प्रत्येक दिन दो पालियों में यह परीक्षा होगी। पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।

46 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती

एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि इस परीक्षा को संपन्न करने के लिए 46 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और परीक्षार्थियों को आधे घंटे पहले ही अपने केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि वाराणसी के सभी रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर भी पुलिस कर्मियों की तनाती की गई है। इस परीक्षा में शामिल होने के लिए अन्य प्रदेशों से भी परीक्षार्थी पहुंचे हैं और रविवार को भी पहुंचेंगे, इसको लेकर के अतिरिक्त बसें और ट्रेन की भी व्यवस्था की गई है।

ट्रैफिक डाइवर्ट

इस परीक्षा को लेकर 1356 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। लोकल इंटेलिजेंस, यूपी एसटीएफ और एटीएस की मदद से नकल करने वालों पर नजर रखी जाएगी। वहीं, परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया है।

वाराणसी से राजघाट पुल एवं पड़ाव चौराहा से सुजाबाद राजघाट की तरफ जाने वाले सभी माल वाहक वाहनों का आवागमन 14 और 15 मार्च को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक बंद रहेगा। आवश्यकतानुसार टेंपो ट्रैवलर और आर्मेनिया आदि चार पहिया बसों को अमर उजाला तिराहा से लहुराबीर मैदान चौराहा की तरफ जाने से रोका जाएगा और इन्हें लकड़मंडी की तरफ डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके साथ ही विसेश्वरगंज तिराहा से सुबह 11 बजे से चार पहिया वाहनों को मैदागिन चौराहा की तरफ जाने से रोका जाएगा।

Published on:
14 Mar 2026 09:54 am
Also Read
View All

अगली खबर