रेल प्रशासन की बड़ी योजना के तहत अब वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन तक आने के लिए एक एक नया एंट्री प्वांइट बनाऩे की कवायद शुरू हो गई है। इस एंट्री प्वाइंट से शहर के वरुणा पार क्षेत्र के लोगों को काफी सहूलियत होगी। अब उन्हें कैंट स्टेशन पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना होगा।
वाराणसी. रेल प्रशासन ने वाराणसी के यात्रियों को और अधिक सुविधा प्रदान करने लिहाज से बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत अब वाराणसी कैंट जंक्शन पर आने के लिए एक और एंट्री प्वाइंट होगा। इससे वरुणा पार की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। माना जा रहा है कि करीब पांच से 10 लाख की आबादी को सहूलियत होगी।
नया एंट्री प्वाइंट नदेसर इलाके में खरबूजा शहीद मार्ग से जुड़ेगा
वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का नया एंट्री प्वाइंट वरुणा पार इलाक के नदेसर इलाका स्थित खरबूजा शहीद मार्ग से जुड़ेगा। इससे वरुणा पार से आने-जाने वाले यात्रियों को बड़ी सहूलियत होगी। वो कैंट स्टेशन के पीछे स्थित द्वितीय प्रवेश द्वार ( प्लेटफॉर्म 6-7 पर) से जुड़ेगा। सड़क और रेलवे प्लेटफॉर्म के बीच ब्रिज भी बनाया जाएगा।
हटाया जाएगा अतिक्रमण
इस नए एंट्री प्वाइंट के लिए अतिक्रमण विरोधी अभियान चलेगा, ताकि रास्ता सुगम हो सके। यह अभियान शुरू भी हो गया है। बता दें इस क्षेत्र मे मोटर मैकेनिकों ने गाड़ी मरम्मत के वर्कशाप बना लिए हैं। अवैध कब्जा भी बहुत ज्यादा है। साथ ही 2023 तक रि- माडलिंग की परियोजना आकार लेगी।
लखनऊ मंडल को भी वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने की उम्मीद
ये बातें बनारस दौरे पर आए उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने बताईं। उन्होंने कहा कि उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल को भी वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि द्वितीय प्रवेश द्वार का विस्तार प्रगति पर है। रक्षा संपदा से मिली जमीन में आठ हजार वर्ग मीटर स्थान को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। अब नदेसर जल्द ही कैंट स्टेशन से जुड़ जाएगा। उन्होंने बताया कि प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 के चौड़ीकरण पर भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
शुरू होगी अनारक्षित टिकट सेवा
आशुतोष संगल ने बताया कि मई में उत्तर रेलवे की गाड़ियों में अनारक्षित टिकट सेवा (यूटीएस) शुरू कर दी जाएगी। बताया कि मार्च से ही रेलवे बोर्ड न इस व्यवस्था को लागू करने का आदेश दिया था, मगर सेकेंड एसी क्लास में बुक हो चुके एडवांस टिकटों के कारण इस फैसले में विलंब हुआ।
कैंट स्टेशन के मुख्य मार्ग से आने में हो रही दिक्कत को जल्द निबटा लेंगे
बताया कि कैंट स्टेशन के सामने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की वजह से यात्रियों को स्टेशन तक आने में काफी दिक्कत हो रही है। इस बाबत जिला प्रशासन से वार्ता की जाएगी। महा प्रबंधक ने कहा कि बुक पार्सल पैकेटों में जीएसटी चोरी के कई मामले सामने आए हैं। इसको लेकर सीनियर डीसीएम (फ्रेट) राहुल को निर्देश दे दिया गया है कि माल बुक करते समय ईवे बिल समेत सभी दस्तावेजों को अवश्य चेक कराएं।