
Varanasi Crime News: वाराणसी पुलिस ने एक ऐसे एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो त्योहारों के सीजन में भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचता था और लोगों के गले से चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दिया करता था। पकड़े गए गैंग के सभी सदस्य दक्षिण भारत के रहने वाले बताए जा रहे हैं। इनमें 10 महिलाएं शामिल हैं, जबकि चार पुरुषों को भी वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों पर आरोप है कि बे लोगों को अपनी बातों में बहला फुसलाकर भी उनसे टप्पेबाजी किया करते थे। वाराणसी में मंगलवार को देव दीपावली का आयोजन है, ऐसे में गैंग के सभी सदस्य यहां आने वाले श्रद्धालुओं के साथ टप्पेबाजी व चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम देने वाले थे। इससे पहले ही वे पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
सिगरा पुलिस ने बताया कि मुखबिर के जरिए यह सूचना मिली थी कि देव दीपावली के दृष्टिगत भीड़ का लाभ उठाकर चोरी की घटना को अंजाम देने के लिए आंध्र प्रदेश के रहने वाले कुछ लोगों का गिरोह व उसका सरगना वाराणसी पहुंचे हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर सोनिया इलाके के एक गेस्ट हाउस से 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए गिरोह के सभी सदस्य विभिन्न राज्यों और शहरों में होने वाले बड़े आयोजनों पर वहां पहुंचते थे, इसके बाद चोरी टप्पेबाजी व चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दे दिया करते थे।
पूछताछ में अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद वापस अपने शहर लौट जाया करते थे। ऐसे में उन पर ऊपर किसी को शक भी नहीं होता था। पुलिस ने बताया है कि इनमें कई ऐसे सदस्य हैं, जो एक ही परिवार के हैं। सभी लोग आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों और थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी निकाल कर सामने आया है। इस गिरोह के सदस्यों के ऊपर आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने इस मामले में वल्लभा यद्मिनी, इटा कृष्ण वेणी, समुद्रला रावनाम्मा, अंगड़ी द्वारका, कोलावेल्ली मरियम्मा, गुंटरू तरुण, पशुपुलाती लक्ष्मी, मालेला साईगोपी, समुद्रलाम मैरी, समुद्रला रावणम्मा, गोदावरी गुज्जी, जम्पा किरण, वेंकटेश और बोज्जाग्न रुद्राविना को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपियों के पास चोरी के मोबाइल फोन, 57,960 नकदी और कुछ अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्यवाही की जा रही है।