वाराणसी

स्कॉर्पियो में सवार होकर काशी आती थीं महिलाएं, ऑटो में घूमकर करती थी टप्पेबाजी, पूर्वांचल में फैला है गिरोह

Varanasi News: वाराणसी की एक महिला से चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग पूरे पूर्वांचल में घूम कर वारदात को अंजाम देता था...
2 min read
Sep 17, 2026
Varanasi latest news
पकड़े गए आरोपी, (Pc-DCP Varuna Zone)

Thieves Arrested in Varanasi: वाराणसी पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो काशी से 230 किलोमीटर दूर गोरखपुर से स्कॉर्पियो में सवार होकर यहां पहुंचती था और गिरोह में शामिल महिलाएं ऑटो में घूम कर महिलाओं संग टप्पेबजी किया करती थीं। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद वे दूसरे शहर के लिए निकल जाती थीं। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन महिलाएं हैं। पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वाराणसी की लालपुर पांडेयपुर थाना पुलिस ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है।

ऐसे करते थे वारदात

जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों काली माता मंदिर के पास एक महिला से चेन चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग पूरे पूर्वांचल में घूम कर वारदात को अंजाम देता था। पकड़े गए आरोपियों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने बैजनाथ, सीमा, पिंकी और कुसुम को आजमगढ़ रोड स्थित ऑटो स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी गोरखपुर के रहने वाले हैं। आरोपियों के पास से दो चेन, मोबाइल फोन, 27 हजार रुपए और एक स्कॉर्पियो भी बरामद की गई है।

डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि आरोपी गोरखपुर से वाराणसी आने के लिए स्कॉर्पियो का सहारा लेते थे और उसे रिंग रोड पर खड़ा कर देते थे। यहां से शहर में आने के लिए ऑटो का सहारा लिया जाता था। इस दौरान सभी आरोपी ऑटो बदलकर सीसीटीवी कैमरों की नजर से भी बच जाते थे। उन्होंने बताया कि टप्पेबाजी करने के बाद तीनों महिलाएं वापस रिंग रोड पहुंचती थी और वहां से स्कॉर्पियो में सवार होकर गोरखपुर लौट जाती थीं। इसमें बैजनाथ स्कॉर्पियो चालक बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी सिर्फ वाराणसी नहीं बल्कि जौनपुर व आजमगढ़ में भी वारदात को अंजाम दिया करते थे। उनके खिलाफ इन जिलों में भी मुकदमे दर्ज हैं।

सीसीटीवी से मिली मदद

उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को एक महिला ने ऑटो में सवार होते समय तीन महिलाओं पर उसका ध्यान भटका कर उसके साथ गले से चेन निकालने का आरोप लगाया था। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर ऑटो की पहचान की गई। वहीं, ऑटो चालक को हिदायत दी गई कि वह महिलाएं यदि दोबारा दिखती है तो इसकी सूचना पुलिस को दे। बुधवार को ऑटो चालक ने उन महिलाओं को देखा और पुलिस को बता दिया, जिसके बाद तीनों महिलाओं और उसके साथ एक पुरुष को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस के मुताबिक,इस पूरे गिरोह के सरगना को चिन्हित कर लिया गया है, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Updated on:
17 Sept 2026 10:07 am
Published on:
17 Sept 2026 10:07 am