
Varanasi Train Schedule: भारत में बढ़ रहे कोहरे और ठंड की दस्तक से रेल के पहिए भी धीमे हो गए हैं। आलम यह है कि कई प्रमुख ट्रेन घंटे लेट चल रही हैं, तो वहीं कुछ को कैंसिल व कुछ को रीशेड्यूल्ड किया गया है। सबसे ज्यादा मुसीबत यूपी और बिहार के लोगों को हो रही है जो दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में रहकर जीविकोपार्जन करते हैं। ऐसे में शादी का सीजन चल रहा है और वापस लौटने के दौरान ट्रेन कई घंटे तक लेट हो जा रही है। वाराणसी से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में यात्री देर होने के कारण परेशान दिखे।
कोहरे के कारण ट्रेनों के देर से स्टेशन पर पहुंचने का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा। वहीं, बुधवार को भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। दिल्ली और मुंबई से आने वाली लगभग सभी ट्रेनें देर से पहुंची, जिसके बाद यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। दिल्ली से बनारस आने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस करीब 3:15 घंटे की देरी से आई, जबकि मुंबई से आने वाली भी कई ट्रेन देर से वाराणसी स्टेशन पर पहुंची। शादी का सीजन होने के कारण इन ट्रेनों में काफी भीड़ भी देखने को मिली। हालांकि, रेल प्रशासन अभी भी कई स्पेशल ट्रेन चल रहा है, लेकिन वे ट्रेनें भी देरी से ही चल रही हैं।
नई दिल्ली से चलकर बनारस रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेन संख्या 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सुबह 4:40 से 3.15 घंटे की देरी से बनारस रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वही 04096 आनंद विहार से चलकर पाटलिपुत्र को जाने वाली स्पेशल ट्रेन दोपहर 1 बजे से 3.45 घंटे देरी से बनारस पहुंची। ट्रेन संख्या 22582 नई दिल्ली बलिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस 50 मिनट की देरी से 11:30 बजे वाराणसी स्टेशन पहुंची। नई दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश आने वाले यात्री इन ट्रेनों के लेट होने के कारण परेशान दिखे।
वहीं, दूसरी तरफ मुंबई से आने वाली ट्रेनों का हाल भी ऐसा ही रहा। 15017 लोकमान्य तिलक गोरखपुर एक्सप्रेस 1 घंटे 40 मिनट की देरी से वाराणसी पहुंची। 11061 लोकमान्य तिलक टर्मिनस जयनगर एक्सप्रेस दोपहर 12:25 से 3 घंटे 50 मिनट की देरी से शाम 4:15 पर मंगलवार को वाराणसी पहुंची। वही कामायनी एक्सप्रेस भी ढाई घंटे जबकि महानगरी एक्सप्रेस 35 मिनट की देरी से वाराणसी रेलवे स्टेशन पहुंची। मुंबई से पूर्वांचल व बिहार को आने वाली कई ट्रेनों में टिकट न मिलने की स्थिति में लोग जनरल बोगी में सवार होकर अपने घर पहुंच रहे हैं।