विदिशा

कांग्रेस विधायक के घर भाजपाईयों ने की तोड़फ़ोड़ और फायरिंग, शहर में तनाव के हालात

घटना के बाद विधायक के निवास और दफ्तर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल शहर में तनाव के हालात बने हुए हैं।

2 min read
कांग्रेस विधायक के घर भाजपाईयों ने की तोड़फ़ोड़ और फायरिंग, शहर में तनाव के हालात

विदिशा/ मध्य प्रदेश के विदिशा शहर में गुरुवार देर शाम को भाजपा नगर पालिका अध्यक्ष और उनके समर्थकों ने कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के घर और कार्यालय पर जमकर तोडफ़ोड़ कर दी। तोड़फोड़ करने वाले बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि, शशांक भार्गव ने केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। घटना के बाद विधायक के निवास और दफ्तर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, फिलहाल शहर में तनाव के हालात बने हुए हैं।

भाजपा नेताओं को इस टिप्पणी पर आपत्ति

बताया जाता है कि, गुरुवार की दोपहर में शशांक भार्गव ने स्मृति ईरानी पर निशाना साधते हुए कहा था कि, वो चाहें तो नरेंद्र मोदी से कहकर पेट्रोल-डीजल के दाम कम करवा सकती हैं। भाजपा नेताओं ने इसे आपत्ति जनक टिप्पणी मानते हुए नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन के साथ थाने पहुंचकर कांग्रेस विधायक शशांक भार्गव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद गुरुवार करीब 8:30 बजे रात को अचानक भाजपा के कई कार्यकर्ता और नेता भार्गव के कार्यालय और निवास में घुस गए और उन्होंने जमकर तोडफ़ोड़ की। बाहर खड़ी गाडिय़ों को भी नुकसान पहुंचा।

विधायक ने लगाए ये आरोप

विधायक भार्गव का आरोप है कि, तोडफोड़ करने वालों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नजदीकी मुकेश टंडन भी शामिल थे। खबर लिखे जाने तक शहर में तनाव की स्थिति है। पुलिस अधीक्षक फोर्स के साथ घटना स्थल पर मौजूद है।

Published on:
25 Jun 2020 10:55 pm
Also Read
View All