विदिशा

ठंड में सिकुड़ जाती हैं रक्त वाहिकाएं, बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर और दिल पर दबाव

सर्दियों का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतना ही हृदय और मस्तिष्क के लिए खतरनाक भी हो सकता है। ठंड बढ़ते ही हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मामले अचानक बढ़ जाते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:08 PM IST
blood pressure and heart attack

विदिशा. सर्दियों का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतना ही हृदय और मस्तिष्क के लिए खतरनाक भी हो सकता है। ठंड बढ़ते ही हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मामले अचानक बढ़ जाते हैं। चिकित्सकों का कहना है कि ठंड में शरीर में होने वाले बदलाव ही इस खतरे की सबसे बड़ी वजह हैं। ठंड के कारण शरीर की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है और हृदय को रक्त पंप करने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। वहीं ठंड में सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम के सक्रिय होने से हृदय गति और ऑक्सीजन की मांग भी बढ़ जाती है। इसके अलावा ठंड में रक्त की चिपचिपाहट और प्लेटलेट की सक्रियता में बदलाव आने से खून के थक्के बनने की संभावना बढ़ जाती है। यही थक्का जब हृदय या मस्तिष्क की नस में फंस जाता है, तो हार्ट अटैक या ब्रेन स्ट्रोक का कारण बनता है। जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष सर्दी के सीजन में जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज में 12 लोगों की हार्ट अटैक से मौत हुई थी। जबकि 36 मरीज मरते-मरते बचे थे। इनमें से कई मरीजों को भोपाल रेफर करना पड़ा है। निजी अस्पतालों में उपचार कराने वाले मरीजों की संख्या अलग रहती है। इस सर्दी के सीजन में हार्ट के मरीजों और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

सर्दी में कई गुना बढ़ जाता है खतरा

विशेषकर पहले से हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित लोगों में यह खतरा कई गुना अधिक होता है। बुजुर्गों और धूम्रपान करने वालों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह के समय अत्यधिक ठंड में अचानक बाहर निकलना या भारी व्यायाम करना जोखिम को और बढ़ा सकता है।

यह लक्षण दिखते ही देर न करें

सीने में दर्द, पसीना आना, सांस फूलना, अचानक शरीर के एक तरफ कमजोरी आना, चेहरा टेढ़ा होना और बोलने में परेशानी होना हार्ट अटैक या ब्रेन स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें। हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक में हर मिनट महत्वपूर्ण है। जागरूकता और समय पर उपचार ही जीवन बचा सकता है। ठंड में विशेष सावधानी बरतें और लक्षण दिखते ही देर न करें।

बचाव के लिए अपनाएं ये 5 सावधानियां

- सुबह की ठंड से बचें: अत्यधिक ठंड में सुबह जल्दी बाहर निकलने से बचें। धूप निकलने के बाद ही टहलने जाएं।

- शरीर को गर्म रखें: गर्म कपड़े, टोपी, मफलर और दस्ताने पहनें। शरीर को ठंड लगने से बचाएं।

- बीपी-शुगर की नियमित जांच: ब्लड प्रेशर और शुगर की नियमित जांच कराएं और दवाइयां समय पर लें।

- पानी और खानपान का ध्यान: पर्याप्त पानी पिएं, तला-भुना और अधिक नमक वाला खाना कम करें।

- अचानक भारी व्यायाम न करें: ठंड में अचानक भारी व्यायाम या वजन उठाने से बचें। हल्की वॉक और योग ही पर्याप्त है।

कम उम्र में भी अटैक से चिंता

11 नवंबर 2025 को शहर की शिक्षक कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय युवक आभास शर्मा की साइलेंट अटैक आने से मौत हो गई थी। चिकित्सकों के अनुसार उसे साइलेंट अटैक आया था, इतनी कम उम्र में साइलेंट अटैक से आभास की मौत होने से परिजन अब तक सदमे में है।

चलती ट्रेन में थम गईं थी सांसे

शहर के रीठाफाटक निवासी 22 वर्षीय यश शर्मा 14 नवंबर 2025 को सुबह राज्यरानी सुपरफास्ट से भोपाल ड्यूटी पर जा रहे थे, रास्ते में अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और देखते ही देखते उनकी सांसे थम गई थी। यश को दो दिन से हल्का सर्दी जुखाम हो रहा था।

अब तक 130 हार्ट अटैक के मामले दर्ज

महीनाभर्ती मरीजों की संख्या
जनवरी20
फरवरी15
मार्च10
अप्रैल10
मई5
जून6
जुलाई8
अगस्त8
सितंबर10
अक्टूबर15
नवंबर23
कुल130

स्रोत: मेडिकल कॉलेज, विदिशा

Updated on:
27 Nov 2026, 6:08 PM IST
Published on: