विदिशा

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर दूल्हे ने लहराया कांग्रेस का झंडा, घोड़ी पर बैठकर किया डांस, VIDEO

-कर्नाटक में कांग्रेस की जीत, एमपी में अनोखा जश्न-कांग्रेस का झंडा लहराता हुआ बारात लेकर निकला दूल्हा-शादी के साथ कांग्रेस की जीत को बताया दोहरी खुशी-कर्नाटक की जीत ने मध्य प्रदेश कांग्रेस में भरा उत्साह

2 min read
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर दूल्हे ने लहराया कांग्रेस का झंडा, घोड़ी पर बैठकर किया डांस, VIDEO

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त के बाद कांग्रेस का जश्न कर्नाटक से लेकर मध्य प्रदेश ( Madhya Pradesh Assembly Elections 2023 ) तक मनाया जाने लगा है। एक तरफ जहां प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यालयों में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा जमकर जश्न मनाया जा रहा है। हाथों में बजरंग बली की फोटो के साथ जय श्रीराम और जय बजरंगबली के नारे लगाते हुए कार्यकर्ता ढोल नगाड़ों पर झूम रहे हैं तो वहीं, दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के विदिशा में एक दूल्हा ने कर्नाटक कांग्रेस की जीत ( elections 2023 ) का जश्न अनोखे अंदाज में मनाया है। घोड़ी पर सवार दूल्हा अपने हाथ में कांग्रेस का झंडा लेकर खुशी से झूमता नजर आया।

आपको बता दें कि, मध्य प्रदेश के विदिशा में रहने वाले सागर मोतियानी शनिवार को घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर अपनी दुल्हनिया लेने जा रहे थे। इसी बीच सामने आए कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणामों में कांग्रेस की निर्णायक बढ़त के नतीजों की जानकारी उन्हें जैसे ही लगी, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सागर की खुशी का आलम ये था कि, उन्होंने घोड़ी पर बैठकर ही जीत के उत्साह में कांग्रेस का झंडा लहराना शुरु कर दिया और साथ ही ढोल की थाप पर झूमते भी नजर आए। जीत का जश्न मनाने का ये अनोखा अंदाज अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

कर्नाटक की जीत के कांग्रेस में भरा जोश

कर्नाटक में कांग्रेस को निर्णायक बढ़त मिलने से मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश हाई हो गया है। मध्य प्रदेश में भी इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में चुनावी साल में कर्नाटक में मिली जीत कांग्रेस के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं कही जा रही है। एक तरफ जहां जीत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस की जीत का दम भरना शुरु कर दिया है। बता दें कि, खबर लिखे जाने तक कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 136 सीटों पर बढ़त बनाकर रखी हुई है, जबकि 113 सीटें हासिल करने वाले को सत्ता मिल जाएगी। इस हिसाब से कांग्रेस कर्नाटक में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाती नजर आ रही है।

Published on:
13 May 2023 05:26 pm
Also Read
View All