विदिशा

खाद-बीज की जांच भी खाद्य सुरक्षा जैसी, महीनों बाद हो रही जांच, नहीं आई एक भी सैंपल की जांच रिपोर्ट

विदिशा. सुरक्षा, खाद्य पदार्थों की हो या फिर फसल की सेहत की, कागजी कार्रवाई तक सीमित है। बात जांच के लिए प्रयोगशालाओं में भेजे गए सेंपल की कर रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:23 PM IST
खाद-बीज की जांच भी खाद्य सुरक्षा जैसी, महीनों बाद हो रही जांच, नहीं आई एक भी सैंपल की जांच रिपोर्ट

खाद्य पदार्थों की तरह ही खाद-बीज के सेंपल की जांच रिपोर्ट आने में भी महीनों लग रहे हैं। खाद-बीज के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने में देरी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। रबी सीजन की आधी बोवनी हो चुकी है, लेकिन कृषि विभाग की ओर से जांच के लिए भेजे गए खाद और बीज के एक भी सैंपल की रिपोर्ट अब तक नहीं मिली है। ऐसे में बाजार में किसानों तक पहुंच रहे खाद-बीज की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वजह, यदि किसी उत्पाद में अमानक या मिलावटी होने की पुष्टि होती है तो उसकी जानकारी किसान को समय पर नहीं मिल पाएगी। जब तक रिपोर्ट आएगी, किसान अमानक खाद-बीज का खामियाजा भुगत चुका होगा।

कृषि विभाग ने इस सीजन में अब तक बीज के 200 और खाद के 50 सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं। लेकिन रिपोर्ट आने में लगने वाले समय के कारण विभागीय जांच का उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है। रबी की बोवनी के लिए ज्यादातर किसान पहले ही खाद और बीज खरीदकर या तो खेतों में इस्तेमाल कर चुके हैं या फिर जल्द ही इस्तेमाल कर लेंगे। ऐसे में बाद में रिपोर्ट आने पर यदि किसी सैंपल में गड़बड़ी मिलती भी है तो संबंधित उत्पाद का उपयोग कर चुके किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करना आसान नहीं होगा।

गड़बड़ी सामने आती है, लेकिन समय पर नहीं मिलती चेतावनी

खाद और बीज की गुणवत्ता में गड़बड़ी के मामले हर साल सामने आते हैं। इसके बावजूद नमूनों की जांच और रिपोर्ट मिलने की प्रक्रिया में तेजी नहीं आ पा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की तरह यहां भी प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने में महीनों लग जाते हैं। इसका सीधा असर किसानों पर पड़ता है। अमानक बीज से अंकुरण प्रभावित होने या खाद की गुणवत्ता खराब होने पर किसान को दोबारा बोवनी या अतिरिक्त लागत उठानी पड़ती है। प्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष रूप से सिस्टम ही इसके लिए जिम्मेदार माना जाता है।

कार्रवाई का समय भी निकल जाता है

नमूनों की जांच में देरी का असर केवल गड़बड़ी पकडऩे तक सीमित नहीं है। रिपोर्ट देर से मिलने के कारण संबंधित विक्रेता या निर्माता के खिलाफ समय पर कार्रवाई करना भी मुश्किल हो जाता है। जरूरत इस बात की है कि खेती के सीजन के दौरान ही नमूनों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि अमानक खाद-बीज की बिक्री पर तत्काल रोक लग सके और किसानों को नुकसान से बचाया जा सके। हालांकि कृषि विभाग संदेह के आधार पर बिक्री प्रतिबंधित करता है, लेकिन इसकी मात्रा काफी कम होती है।

Updated on:
28 Nov 2026, 12:23 PM IST
Published on: