
विदिशा/मंडीबामोरा@अनिल सोनी की रिपोर्ट...
वार्ड 20 में पक्की सड़क और नालियां नहीं होने से नागरिक परेशान हैं। वहीं महीनों साफ-सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार हैं। दूषित पानी घरों के सामने भरा रहता है। जिससे परेशान नागरिक इन समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर पंचायत पहुंचे और सीईओ के नाम संबोधित ज्ञापन सरपंच-सचिव को सौंपा।
वार्ड-20 के जितेन्द्र रघुवंशी, महेन्द्र रघुवंशी और अरविंद रघुवंशी आदि ने बताया कि विगत करीब ढाई साल से वार्ड 20 की अनदेखीकी जा रही है। पक्की सड़क और नालियां तक नहीं हैं। जिससे बारिश में कीचड़ हो जाने से पैदल चलना तक मुश्किल होता है। वाहन चालक फिसलकर गिरते हैं। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है और वे गिरकर चोटिल तक हो जाते हैं।
वहीं बुजुर्ग तो बारिश में इस सड़क से निकल ही नहीं पाते हैं। वहीं महीनों साफ-सफाई नहीं होने से जगह-जगह गंदगी व्याप्त है। गंदा पानी घरों के सामने यहां-वहां गड्ढों में भरा रहता है। जिससे मच्छरों की भरमार है। जिससे नागरिक विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। लेकिन पंचायत या प्रशासन द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे नागरिक परेशान हैं।
शिकायतों का भी नहीं असर
नागरिकों का कहना है कि वे प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को कई बार ज्ञापन सौंपने के साथ ही मामले की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के निराकरण की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
इनका कहना है
वार्ड में नाली बनाने का काम लोनिवि का है, क्योंकि यह जगह लोनिवि की है। तभी गंदा पानी भराने की समस्या से निजात मिलेगी। जो हाइवे बना है। यह नाली रोड बनाने वालों को बनानी थी जो नहीं बनाई गई है। जिससे वार्ड में समस्या उत्पन्न हो गई है।
सुरेश राय, सचिव, मंडीबामोरा
पूरी पंचायत में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इन समस्याओं का भी जल्द निराकरण किया जाएगा।
- मुन्नीबाई, सरपंच