
विदिशा। रिश्तेदारों की मौजूदगी में मंदिर में विधि विधान से शादी के बाद जब बहू ने ससुराल विदिशा के सूरोद गांव में जाने की इच्छा जताई तो पति ने बहानेबाजी की। जब बहु के मायके वालों ने भी यही बात कही तो बहु के ससुराल वाले बहु के घर ही आ धमके। उन्होंने ५ लाख नकदी और कार के लिए दबाव बनाया।
जब बहु के माता-पिता ने असमर्थता जताई तो वे यह कहकर उसे छोड़ गए कि जब तक दहेज नहीं, तब तक तुम भी स्वीकार नहीं। पीडि़त बहु ने होशंगाबाद थाने में पति और ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी और अब वह विदिशा में न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। पीड़िता बिना किसी लेन देन के पति के साथ रहना चाहती है। इसलिए उसने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज की है।
पत्रिका कार्यालय में पहुंची बाबई रोड होशंगाबाद निवासी 24 वर्षीय राखी मीणा (परिवर्तित नाम) ने एफआईआर की कॉपी, विवाह प्रमाणपत्र आदि दिखाते हुए बताया कि उसका विवाह विदिशा के सूरोद निवासी अरुण मीणा से 18 जनवरी को हुआ था। उसके बाद ये लोग होशंगाबाद में ही रहने लगे। जब राखी ने ससुराल सूरोद जाने की इच्छा जताई तो अरुण टाल जाता।
राखी की मां ने भी इस बारे में जब कहा तो 17 मई को अरूण, सास, ससुर, जेठ और चाचा ससुर राखी के मायके पहुंचे और 5 लाख नकद और कार देने को कहा। जब राखी और उसकी मां ने असमर्थता जताई तो अरुण यह कहते हुए राखी को छोड़कर चला गया कि इतना नहीं दे सकते तो यही रहो। तब से न्याय पाने के लिए राखी भटक रही है। उसने 13 जुलाई को होशंगाबाद थाने में पति अरूण मीणा, ससुर भारत सिंह, सास, जेठ राजकुमार मीणा और चाचा ससुर रघुवीर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट कराई और पुलिस ने भादंवि की धारा 499 A, 506, 34 के तहत प्रकरण कायम किया है।