विदिशा

मोदी की मंशा के बाद सीएम ने भेजा युवा कलेक्टर

मोदी की मंशा के बाद सीएम ने भेजा युवा कलेक्टर
2 min read
• •
Updated: 1 Jul 2018, 1:02 PM IST
pm modi
PM Narendra Modi

विदिशा। नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट में विदिशा जिला 42 वें स्थान से 75 वें स्थान पर आया है। यह डेल्टा रेंकिंग है, जो हर माह की रिपोर्ट के आधार पर परिवर्तित होती रहती है। लेकिन युवा कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह इससे बिल्कुल विचलित नहीं है। उन्हें आए अभी ज्यादा वक्त नहीं हुआ है, लेकिन उन्होंने विदिशा के पिछड़ेपन के दाग को चुनौती के रूप में लिया है। वे कहते हैं कि लम्बी छलांग लगाने के लिए एक कदम पीछे खींचना पड़ता है। थोड़ा वक्त लगेगा, तस्वीर बदल जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि युवा आईएएस अधिकारी पिछड़े जिलों में अच्छे परिणाम देते हैं। अपनी इस बात के साथ ही उन्होंने पिछड़े जिलों में युवा कलेक्टरों को पदस्थ करने की मंशा अप्रत्यक्ष रूप से जाहिर कर दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने युवा आईएएस कौशलेंद्र विक्रम सिंह को विदिशा जैसे राजनैतिक रूप से महत्वपूर्ण जिले की कमान सौंपी है।

नीति आयोग की ताजा रिपोर्ट पर कलेक्टर कौशलेन्द्र सिंह ने कहा कि मैंने रिपोर्ट और हर विभाग का रिव्यू कर लिया है। अभी हम दो-तीन माह रिपोर्ट को बिल्कुल नहीं देखेंगे, बल्कि पूरा फोकस व्यवस्थाओं को सुधारने पर रहेगा। हो सकता है कि अगले 2-3 माह में रैंकिंग और गिरे। लेकिन फिर हम बहुत मजबूत होकर सामने आएंगे। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधारना है। एक-एक गर्भवती माता को ढूंढने का काम शुरू किया है। हर जन्म लेने वाले बच्चे की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। हर कदम पर पूरी मानीटरिंग होगी। लेकिन मुझे भरोसा है कि हम व्यवस्था सुधार लेंगे।

कलेक्टर का मानना है कि विदिशा जिले में अमले की कमी नहीं है, बस काम करने का तरीका और अमले का सही उपयोग करना होगा। शिक्षा व्यवस्था में भी हम एक-एक बच्चे को टारगेट कर सुधार करेंगे कि किस बच्चे को क्या चाहिए। हमें दो-तीन माह रैंकिंग पर नहीं बल्कि सिर्फ सिस्टम सुधारने पर काम करना है, सिस्टम सुधरेगा, काम करने का तरीका बदलेगा तो परिणाम अपने आप अच्छे आएंगे और रैंकिंग भी सुधरेगी।

Published on: