विदिशा

भनक लगते ही गांव खाली, पुलिस ने 5 लाख की अवैध शराब की नष्ट

लटेरी के फतेहपुर : पास के गांवों में आबकारी विभाग की कार्रवाई
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2018, 6:06 AM IST
patrika news
police

लटेरी/विदिशा. विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की धरपकड़ में लटेरी पुलिस और आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। लटेरी के वन क्षेत्र में ग्राम फतेहपुर और उसके आसपास के गांव से भारी मात्रा में कच्ची अवैध शराब का भंडार पकड़ा गया है, जिसकी कीमत करीब पांच लाख पचास हजार बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि लटेरी के जंगल क्षेत्र में फतेहपुर और आसपास के गांव में बड़े स्तर पर महुआ की देशी शराब का निर्माण किया जा रहा है। इस पर लटेरी, आनंदपुर और उनारसीकलां थानों का बल और विदिशा से आए पुलिस बल और आबकारी के बल सहित करीब 70 लोगों ने हथियारों से लैस होकर गांव में दबिश दी। ये बल एक बस तथा 6 जीपों में भरकर गया था। इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल के पहुंचने की भनक लगते ही गांव के लोग सारा सामान ऐसे ही छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस को गांव में एक बच्चा तक नहीं मिला। पुलिस और आबकारी की टीम ने करीब 10 घरों की तलाश की, सबमें बड़ी तादाद में कच्चा महुआ लाहन मिला, इसकी कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपए मानी जा रही है। आबकारी टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। जिला आबकारी अधिकारी विनोद कुमार खटीक ने बताया कि पांच प्रकरण बनाए गए हैं और साढ़े पांच लाख की कच्ची शराब, भट्टी आदि नष्ट की गई है। इस कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी खटीक और उनकी टीम सहित लटेरी थाना प्रभारी अजय दुबे, आनंदपुर थाना प्रभारी गौरवसिंह बुंदेला, उनारसींकलां प्रभारी गिरीश त्रिपाठी और उनकी टीम शामिल थी।

इधर, भाजपा पदाधिकारी कर रहा था अवैध शराब का कारोबार
विदिशा. चुनाव में शराब के उपयोग के लिए एक भाजपा पदाधिकारी और कुछ कुचबंदिया परिवारों से पुलिस ने एक लाख रुपए से ज्यादा की शराब जब्त की है, यहीं से करीब 50 हजार रुपए का गांजा भी पकड़ाया है। पुलिस ने इस मामले में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री राकेश कुचबंदिया सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन टीआई निरंजन शर्मा ने बताया, शेरपुरा में रहने वाले राकेश कुचबंदिया, राजेन्द्र, राज, ज्योति और ममता कुचबंदिया को अवैध शराब के कारोबार में गिरफ्तार किया है। इनसे 32 पेटी शराब जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 11 हजार रुपए बताई जाती है। जबकि एक महिला से करीब 50 हजार का गांजा बरामद किया है। उधर आरोपी राकेश कुचबंदिया ने बताया कि वह भाजपा का अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला मंत्री है। पुलिस उसे जबरिया उठा लाई, मेरा कुसूर भी नहीं बताया। उसने कहा कि शेरपुरा और नाके की कलारी के ठेकेदार शराब रख जाते हैं बिकवाने के लिए, हमारी बस्ती के लोग बेरोजगार हैं, हर पेटी पर 400-500 रुपए मिल जाते हैं।

Published on: