विदिशा

कर्मचारियों की कमी का नतीजा, नियमों को ताक पर रखकर दिए जा रहे प्रभार

विदिशा. जिले में पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण विकास की प्रक्रिया की जाती है। जिसमें मुख्य रूप से पंचायत सचिव और पंचायत के रोजगार सहायक को जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन इन्हीं जिम्मेदारों की कमी के कारण…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 6:04 PM IST
Divisha News

विदिशा. जिले में पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण विकास की प्रक्रिया की जाती है। जिसमें मुख्य रूप से पंचायत सचिव और पंचायत के रोजगार सहायक को जिम्मेदारी दी गई है। लेकिन इन्हीं जिम्मेदारों की कमी के कारण कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। यहां तक कि जीरामजी योजना लागू होने के बाद भी हालातों में सुधार नहीं हुआ है। इसी कमी का नतीजा है कि कुछ स्थानों पर सचिवों और रोजगार सहायकों को नियमों के विपरीत जाकर नियुक्ति की जा रही है।

विदिशा जनपद के तहत एक ग्राम पंचायत में पदस्थ रोजगार सहायक को करीब 20 से 25 किलोमीटर दूर की दूसरी ग्राम पंचायत में प्रभारी रोजगार सहायक के रूप में पदस्थ किया गया था। दोनों ग्राम पंचायतों में वे काम कर रहे थे। यहां तक की प्रक्रिया नियमों के दायरे में थी।

लेकिन प्रभार वाली ग्राम पंचायत में सचिव के देहांत के बाद वह प्रभार भी प्रभारी रोजगार सहायक को दे दिया गया, जो नियम के विरुद्ध था। जिम्मेदारों ने बताया कि यह नियम विरुद्ध है लेकिन कर्मचारियों की कमी और अचानक बनी परिस्थिति के कारण यह कार्य सौंपा गया है। एक कर्मचारी को दो अलग-अलग स्थानों पर तीन प्रकार के कामों का जिम्मा देना कहीं न कहीं दोनों पंचायतों में कार्य प्रभावित करने वाला है। रोजगार सहायक अपने मूल पंचायत में भी समय नहीं दे पा रहे हैं और न ही प्रभार वाली पंचायत के दोनों पदों पर भी न्याय नहीं कर पा रहे हैं। मामला कांकरखेड़ी ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक का है, उन्हें ग्राम पंचायत डाबर में प्रभारी रोजगार सहायक के रूप में पदस्थ किया गया था। इसी पंचायत के सचिव का देहांत होने पर प्रभारी पंचायत की रोजगार सहायक के साथ प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी भी दे दी गई। यह जिम्मेदारी सौंपने से पहले जनपद और जिले के जिम्मेदारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जबकि डाबर के नजदीकी वाली किसी अन्य पंचायत के सचिव को यह अतिरिक्त कार्य सौंपा जाना चाहिए था।

इसी प्रकार जिला मुख्यालय के पास की दूसरी ग्राम पंचायत करैया हवेली है। यहां लंबे समय से कोई सचिव नियुक्त नहीं किया गया है। यहां के रोजगार सहायक को ही दोनों जिम्मेदारी दी गई है। करीब दो साल पहले एक सचिव को यहां का भेजा गया था, आदेश आने के बाद भी उन्हें पदभार नहीं मिल सका। कुछ समय पहले ही दो साल पुराना आदेश रद्द कर दिया गया।

Updated on:
27 Nov 2026, 6:04 PM IST
Published on: