
विदिशा। हत्या का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। महिला अपने पति को छोड़कर इंदौर में दूसरे व्यक्ति के साथ रहना चाहती थी, उसने अपना सामान भी इंदौर पहुंचा दिया था, लेकिन महिला के पति को यह गवारा नहीं हुआ। उसने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी।
इसके बाद उसने पत्नी के मुंंह, नाक और कान में फेवीक्विक भर दिया। फेवीक्विक आरोपी ने क्यों भरा, यह पुलिस की भी समझ से बाहर है। पुलिस आरोपी को तलाश रही है। प्रथम दृष्टया मामला पति द्वारा हत्या का माना जा रहा है, फिर भी पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
राजपूत कॉलोनी में यह घटना गुरूवार शाम की है। करीब 36 वर्षीय दुर्गाबाई कुशवाह को उसका 16 वर्षीय पुत्र ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा था। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पीएम के दौरान उसके परिजन एकत्रित रहे और इस दर्दनाक मौत का खुलासा हुआ।
पुलिस ने बताया कि महिला के मुंह, नाक व आंखों में फेवीक्विक डला हुआ है। उसके गले में लाल निशान है। तीन माह पूर्व बेंचा था मकान जिला अस्पताल में पीएम के दौरान मोहनबाई, कमलाबाई, राजीव कुशवाह सहित अन्य परिजन मौजूद रहे। इनका कहना है कि दुर्गाबाई और पति हल्के कुशवाह पहले करैयाखेड़ा मार्ग पर रहते थे।
तीन माह पूर्व ही उन्होंने अपना मकान बेंच दिया। यह सब कैसे हुआ उन्हें नहीं मालूम। दुर्गाबाई ने भी कभी किसी तरह की समस्या होने की बात नहीं की। पुत्र की जुबानी... पापा ने मुझे सुबह बासौदा में एक परिचित से पांच हजार रुपए लेने भेजा था। मैं दोपहर में घर वापस आया तो पिता ने चाय लेने भेज दिया।
मैं चाय लेने आया तो पिता घर पर नहीं मिले। मम्मी लेटी हुई थी और ऊपर कंबल ढंका था। मम्मी नहीं उठी तो माई को बुलाने बजरिया गया। वापस घर आया और मम्मी को आटो से जिला अस्पताल लाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मम्मी की आंखों, मुंह में फेवीक्विक डला था। गले में लाल निशान थे। घर में पांच-छह फेवीक्विक के खाली ट्यूब भी पड़े थे। पापा सेंट्रिंग का काम करते हैं।
शराब पीकर घर में झगड़ा भी करते थे। मम्मी ने गुरुभाई बनाया है उसे भी गालियां बकते थे। कुछ दिन पहले पापा ने मम्मी को चूहा मार दवा खिला दी थी, तब मम्मी जैसे तैसे बची थी। डॉक्टरों की टीम ने किया पीएम जिला अस्पताल में डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम ने महिला का पीएम किया। इस दल में डॉ. प्रमोद मिश्रा, डॉ. नरेंद्र पटेल, डॉ. निर्मला तिवारी, डॉ. प्रदीप गुप्ता शामिल रहे।
पीएम के बाद परिजनों ने पीएम कक्ष के पास ही अर्थी तैयार की और शव को ले गए। दूसरे पुरुष के साथ रहना चाहती थी महिला टीआई आरएन शर्मा ने बताया कि मृतका के पुत्र से बात हुई है। उसने बताया है कि पति-पत्नी में झगड़ा होता रहता था। मृतका इंदौर में किसी और व्यक्ति के साथ रहना चाहती थी। उसका सामान भी इंदौर जा चुका था। घटना के दिन वह भी इंदौर जाने वाली थी। लेकिन इस बीच उसकी हत्या कर दी गई।
पति की तलाश में पुलिस दल भेजे इधर टीआई आरएन शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। ऐसा लग रहा है कि उसके पति ने गला घोंटकर हत्या की है। पति फरार है और उसकी तलाश में संभावित स्थानों पर पुलिस दल भेजे गए हैं।