अजब गजब

Cassadaga Psychic City: ​मुर्दों से बात करने वाला शहर! जहां विज्ञान भी हार मान गया, वहां आत्माओं से होती है गुफ्तगू

Cassadaga Psychic City: क्या आप ऐसी जगह रहने की हिम्मत करेंगे जहां पड़ोसी कोई इंसान नहीं, बल्कि एक आत्मा हो? अमेरिका के फ्लोरिडा में बसा है कासाडागा, जहां मौत के बाद भी बातें खत्म नहीं होतीं। इसे दुनिया का साइकिक कैपिटल भी कहा जाता है, जहां विज्ञान के तर्क थम जाते हैं और आत्माओं के किस्से शुरू होते हैं।

2 min read
Feb 04, 2026
मुर्दों से बात करने वाला शहर | (फोटो सोर्स- Freepik)

Cassadaga Psychic City: ​आज के आधुनिक युग में जहां विज्ञान मंगल ग्रह पर जीवन तलाश रहा है, वहीं दुनिया के एक कोने में एक ऐसा शहर बसा है जो रूहानी ताकतों के दम पर टिका है। अगर आपसे कोई कहे कि वह आत्माओं से बात करता है, तो आप इसे अंधविश्वास ही बताएगें, लेकिन अमेरिका के फ्लोरिडा में स्थित 'कासाडागा' (Cassadaga) की पूरी इकोनोमी ही इसी दावे पर चलती है। इसे दुनिया की साइकिक कैपिटल यानी मानसिक शक्तियों की राजधानी कहा जाता है।

ये भी पढ़ें

Snake Temple: अजगरों का प्रेसिडेंट हाउस, बेनिन का वो मंदिर जहां सांपों को मिलता है VIP ट्रीटमेंट, जानकर पकड़ लेंगे माथा

​आखिर क्यों कहते हैं इसे 'साइकिक कैपिटल'?

​कासाडागा कोई नॉर्मल सिटी नहीं है। यहां की गलियों में आपको डॉक्टर या इंजीनियर से ज्यादा मीडियम्स (आत्माओं से संपर्क कराने वाले लोग) और टैरो रीडर्स मिलेंगे। यहां रहने वाले लोगों का दावा है कि उनके पास ऐसी पारलौकिक शक्तियां हैं, जिनसे वे परलोक चले गए लोगों की आत्माओं से सीधा बात कर सकते हैं। ताज्जुब की बात यह है कि यहां इसे जादू-टोना नहीं, बल्कि एक आर्ट और धर्म की तरह माना जाता है।

​150 साल पुराना रहस्यमयी इतिहास

​इस अनोखे शहर की नींव साल 1875 में न्यूयॉर्क के एक आध्यात्मिक गुरु जॉर्ज कॉल्बी ने रखी थी। कॉल्बी का दावा था कि उन्हें आत्माओं ने मार्गदर्शन दिया कि वे फ्लोरिडा के जंगलों में एक आध्यात्मिक केंद्र बनाएं। देखते ही देखते यहां दूर-दराज से लोग आकर बसने लगे जो रूहानी दुनिया में यकीन रखते थे। आज 150 साल बाद भी यह शहर अपनी उसी पुरानी पहचान को संजोए हुए है।

​अध्यात्म ही है यहां की रोजी-रोटी

​कासाडागा की सबसे हैरान करने वाली बात यहां की अर्थव्यवस्था है। यहां के निवासियों की आजीविका का मुख्य साधन टैरो कार्ड रीडिंग, ज्योतिष और स्पिरिचुअल हीलिंग है। दुनिया भर से हजारों पर्यटक यहां खिंचे चले आते हैं, कोई अपने पूर्वजों से बात करने की इच्छा लेकर, तो कोई अपने भविष्य की गुत्थी सुलझाने। यहां के स्पिरिचुअलिस्ट कैंप में लोग अपॉइंटमेंट लेकर रूहों से जुड़ने का अनुभव लेते हैं।

​क्या कहता है विज्ञान?

​विज्ञान की कसौटी पर इन दावों को आज तक पूरी तरह परखा नहीं जा सका है। तर्कशास्त्री इसे कोल्ड रीडिंग या मनोविज्ञान का एक पार्ट मानते हैं, लेकिन कासाडागा जाने वाले भक्तों और पर्यटकों का अनुभव कुछ और ही कहता है। यहां की रहस्यमयी शांति और लोगों के अटूट विश्वास ने इसे एक ऐसा सस्पेंस बना दिया है, जिसे सुलझाना फिलहाल नामुमकिन- सा प्रतीत होता है।

ये भी पढ़ें

Garasia Tribe Marriage System: न मंत्र, न फेरे… मेले में पसंद आया पार्टनर तो साथ रहने की छूट

Also Read
View All

अगली खबर