अजब गजब

1 साल में शख्स ने जोमैटो से मंगवाया 3330 बार खाना, तो एक ने बचाए 2 लाख 43 हजार रुपए

जोमैटो ने 2022 के लिए अपनाी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल भी बिरयानी को सबसे अधिक ऑर्डर किया गया। तो वहीं जोमैटो की सालाना रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि दिल्ली के रहने वाले एक शख्स ने सालभर में 3330 खाने का ऑर्डर किया है। तो वहीं मुंबई के एक शख्स ने खाना ऑर्डर कर साल भर में 2.43 लाख रुपए बचाए।
2 min read
Dec 30, 2022
Delhi man placed 3330 food orders through Zomato app in 2022
Delhi man placed 3330 food orders through Zomato app in 2022

जोमैटो ने साल 2022 का एक रिपोर्ट जारी किया है, जिसमें बताया है कि इस साल सबसे अधिक कौन-सी डिश ऑर्डर की गई है। इसके साथ ही यह भी बताया है कि इस साल किस व्यक्ति ने सबसे अधिक खाना ऑर्डर किया है। जोमैटो ने उस शख्स को एक खिताब भी दिया है। जोमैटो ने बताया कि इस शख्स ने सालभर में 3330 बार खाना ऑर्डर किया, जो भारत में किसी भी आदमी की ओर से मंगाए गए खाने में ये सबसे ज्यादा है। इस शख्स का नाम अंकुर है जो दिल्ली में रहता है। जोमैटो के अनुसार अंकुर ने हर रोज करीब 9 ऑर्डर दिया है। यहीं नहीं, एक शख्स ने तो ऑर्डर करके लाखों रुपए भी बचाए।

दिल्ली के शख्स को मिला 'द नेशन्स बिगेस्ट फूडी' अवार्ड
जोमैटो ने अंकुर को 'द नेशन्स बिगेस्ट फूडी' का अनोखा खिताब दिया है। जोमैटो ने अपनी सालाना रिपोर्ट में कहा है कि यह खिताब खाने के प्रति उभरते प्यार के लिए दिया जाता है। दिल्ली के अंकूर द्वारा 3330 बार किए गए ऑर्डर का औसत निकाला जाए तो उन्होंने हर दिन औसतन 9 फूड ऑर्डर किए हैं।

इस शहर ने डिलीवरी से बचाए पैसे
इसके अलावा जोमैटो ने अपने सालाना रिपोर्ट में यह भी खुलासा किया है कि किस शहर ने डिलीवरी से पैसे बचाने के लिए जोमैटो के प्रोमो कोड का सबसे ज्यादा फायदा उठाया है। इस लिस्ट में पश्चिम बंगाल का रायगंज शामिल है। इस शहर को छूट पसंद थी, क्योंकि शहर में ज़ोमैटो के 99.7% ऑर्डर पर प्रोमो कोड लागू था।

मुंबई के यूजर ने खाना ऑर्डर कर बचाए 2.43 लाख
तो वहीं जोमैटो ने इस ग्राहक के बारे में भी बताया जिसने डिस्काउंट का इस्तेमाल कर लाखों रुपए की बचत की। मुंबई के रहने वाले इस जोमैटो यूजर ने सभी ऑर्डर पर एक साल में 2 लाख 43 हजार रुपए बचाए। जोमैटो ने अपनी रिपोर्ट में यह भी बताया कि भारतीयों को सबसे ज्यादा बिरयानी पसंद है। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल हर मिनट जोमैटो यूजर्स ने 186 बिरयानी का ऑर्डर दिया है।

भारतीयों ने सबसे ज्यादा ऑर्डर किया 'बिरयानी'
दिलचस्प बात यह है कि 'ज़ोमैटो' के प्रतियोगी 'स्विगी' द्वारा जारी रिपोर्ट में यह देखा गया कि बिरयानी भारतीयों द्वारा सबसे अधिक पसंद की गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2022 में 'स्विगी' से हर मिनट 137 बिरयानी मंगवाए गए। जोमैटो पर 'पिज्जा' दूसरी सबसे लोकप्रिय डिश है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल हर मिनट 139 भारतीयों ने 'जोमैटो' से पिज्जा ऑर्डर किया। वहीं, स्विगी के अनुसार इस साल तंदूरी चिकन, बटर नान, वेज फ्राइड राइस, पनीर बटर मसाला, चिकन फ्राइड राइस, वेज बिरयानी जैसे आइटम की भी काफी डिमांड रही।

यह भी पढ़ें: Zomato की इस नौकरी से घर बैठे कमाएं लाखों, जानिए कैसे करें अप्लाई

Published on:
30 Dec 2022 03:07 pm