Mannequin Village : इस गांव में पहली बार जाएंगे तो बेशक डर जाएंगे। क्योंकि यहां आपको हर तरफ सिर्फ और सिर्फ पुतले ही देखने को मिलेंगे। हालांकि इसके पीछे एक अनोखी और दिलचस्प कहानी है।
इस पूरी दुनिया में कई ऐसे गांव हैं, जहां के अनोखे नियम या अनोखी परंपराएं लोगों को हैरान करती रहती हैं। कुछ गांवो में अनोखी चीजें देखने को मिलती हैं तो कुछ जगहों पर लोगों के अतरंगी पहनावे सुर्खियों में रहते हैं। आज हम आपको एक ऐसे गांव के बारे में बताएंगे, जहां इंसान नहीं बल्कि पुतले देखने को मिलते हैं। अगर आप इस गांव में पहली बार जाएंगे तो बेशक डर जाएंगे। क्योंकि यहां आपको हर तरफ सिर्फ और सिर्फ पुतले ही देखने को मिलेंगे। आइए जानते हैं इस गांव के बारे में...
शिकोकू टापू पर स्थित है गांव
बता दें कि दुनिया का यह अनोखा गांव जापान के शिकोकू टापू पर स्थित है जिसका नाम नागोरो है। इस गांव को इसके असली नाम के बजाए पुतलों का गांव के नाम से पुकारा जाता है। यहां की स्थानीय भाषा में पुतलों को बिजुका कहा जाता है। वहीं यहां आने वाले पर्यटक रात में कई बार इन पुतलों को देखकर डर भी जाते हैं। सबसे हैरानी की बात ये है कि इस गांव में सिर्फ 30 लोग रहते हैं जबकि पुतलों की संख्या 300 है।
10 साल पहले शुरू हुई थी कहानी
हैरानी की बात तो ये भी है कि यहां दुकानों पर ग्राहक, बस स्टॉप पर लोग और दूसरे स्थान इंसान नजर आएं या न आएं, लेकिन पुतले आपको जरूर दिखाई देंगे। इस गांव को पुतलों का गांव बनाने के पीछे भी एक काफी पुरानी और दिलचस्प कहानी है। पुतलों का गांव बनने की कहानी सिर्फ 10 साल पहले शुरू हुई थी। उस समय एक महिला ने स्कूलों में रखने के लिए पुतले बनाए थे। कहते हैं कि एक समय गांव में बड़ी संख्या में लोग रहते थे, लेकिन काम की तलाश में लोग धीरे-धीरे पलायन करते चले गए।
यह भी पढ़े - मोटे होने के लिए यहां खून पी रहे लोग, सबसे ज्यादा मोटा इंसान माना जाता है हीरो
अकेलेपन को दूर करने की अनोखी पहल
देखते ही देखते नागोरो गांव से लोग पलायन करते चले गए। इस तरह कुछ ही लोग बचे जिन्होंने अपने अकेलेपन को दूर करने के लिए यह तरीका निकाला। उन्होंने पूरे गांव में पुतले लगा दिए। सबसे खास बात ये है कि इन पुतलों को गांव की एक बुजुर्ग महिला ने बनाया है। महिला का कहना है कि उन्होंने इस गांव के सूनेपन को दूर करने के लिए यह काम किया है। यहां जब कोई अकेला होता है तो पुतलों से बात करता है।
यह भी पढ़े - इधर शादी हुई उधर पादरी को लेकर पहाड़ी से कूदे दूल्हा-दुल्हन, देखें हैरान करने वाला वीडियो