अजब गजब

दुनिया में हैं शादी की अजीबोगरीब परंपराएं, कहीं दूल्हा-दुल्हन पर फेंकते हैं कीचड़ तो कहीं टमाटर

Strange Traditions of Marriage : दुनियाभर में शादी की अजीब परंपराएं देखने को मिलती हैं। आज हम आपको कुछ ऐसी ही अजीबोगरीब रस्मों के बारे में बताएंगे जिन्हें सुनकर आपको भी हंसी आ जाएगी।

3 min read
Jul 30, 2023

दुनिया के अलग-अलग देशों में शादी को लेकर कई रीति-रिवाज, परंपराएं और रस्में हैं। हालांकि रिवाज कोई भी हो लेकिन सबका अपना-अपना महत्व होता है। लेकिन इनमें से कुछ रस्में इतनी अजीबोगरीब हैं जिनके बारे में सुनकर आपको भी हैरानी होगी। ये रीति-रिवाज जैसे भी हों, लेकिन लोगों का मानना है कि इन्हें निभाने से नए जोड़े के जीवन में सौभाग्य और समृद्धि आती हैं। आइए जानते हैं कि कौन से देश में शादी पर क्या अजीब रस्में निभाई जाती हैं।

दूल्हा पक्ष पर फेंकते हैं टमाटर

आपको पता ही होगा कि स्पेन में हर साल टोमाटीना उत्सव मनाया जाता है। इस मौके पर यहां लोग एक-दूसरे पर टमाटर फेंक कर होली मनाते हैं। ऐसा ही कुछ उत्तर प्रदेश के सरसौल शहर में होता है। यहां पर शादी के दौरान टमाटर का त्योहार मनाया जाता है। जिसमें दूल्हे के परिवार का स्वागत लड़की वाले गुलाब की पंखुड़ियों की बजाय टमाटर फेंककर करते हैं। ऐसा करने के पीछे मान्यता है कि अगर शादी अजीब तरीके से होती है तो नवविवाहित जोड़े का रिश्ता गहरा, आनंदमय और प्रेमपूर्ण होगा।

यह भी पढ़े - इधर शादी हुई उधर पादरी को लेकर पहाड़ी से कूदे दूल्हा-दुल्हन, देखें हैरान करने वाला वीडियो


दूल्हा-दुल्हन से कटवाते हैं लकड़ी

जर्मनी में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन से लकड़ी कटवाने की रस्म निभाई जाती है। ऐसा माहौल को खुशनुमा और मस्तीभरा बनाने के लिए किया जाता है। रस्म के मुताबिक, नवविवाहित जोड़े को मिलकर लकड़ी के 2 हिस्से करने होते हैं। इससे दोनों के रिश्ते की मजबूती भी मापी जाती है। इसके अलावा यहां शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन और मेहमान मिलकर चीनी-मिट्टी के बर्तन भी तोड़ते हैं, जिसकी सफाई अगले दिन नवविवाहित जोड़ी को साथ मिलकर करनी पड़ती है।


वेनेजुएला में होती है अनोखी रस्म

वेनेजुएला में शादी के बाद अनोखी परंपरा निभाई जाती है। हो सकता हैं कि यहां आप शादी में जाएं लेकिन आपको दूल्हा-दुल्हन न दिखें। ऐसे में चौंकिएगा नहीं क्योंकि यहां नवविवाहित जोड़ी अपने मेहमानों को बगैर अलविदा कहे ही शादी समारोह से चुप-चाप चले जाते हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि यहां ऐसा माना जाता है कि यह परंपरा नवविवाहित जोड़ी के जीवन में सौभाग्य लाती है।

नवविवाहित पर फेंकते हैं काली स्याही

स्कॉटलैंड में शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन को ब्लैकनिंग नाम की एक रस्म से गुजरना पड़ता है। इस रस्म के मुताबिक, दूल्हा और दुल्हन पर काली स्याही, अंडा, सड़ा खाना, कचरा और आटा जैसी सामग्री फेंकी जाती है। वहीं कुछ जगहों पर तो दोनों को काली स्याही या फिर कालिख से पोत दिया जाता है। इस रस्म के पीछे एक संदेश दिया जाता है कि शादी सिर्फ एक खूबसूरत एहसास ही नहीं, बल्कि उसमें तमाम तरह की मुश्किलें भी आती है।

दुल्हन संग डांस करने पर देते हैं पैसे

अमूमन लोग शादी के दौरान नाच-गाना तो करते ही हैं, लेकिन क्यूबा में आपको डांस के लिए अलग से पैसे देने पड़ते हैं। यहां दुल्हन के साथ डांस करने वाले हर व्यक्ति को उसकी ड्रेस पर पैसे चिपकाने होते हैं। यकीनन ये जानकर आपको हैरानी हो रही होगी, लेकिन यह रस्म जोड़े की शादी और हनीमून के लिए भुगतान करने में मदद करने के लिहाज से की जाती है।

यह भी पढ़े - आज भी अनसुलझी पहेली है ये रहस्यमयी जंगल, यहां आते ही खुदकुशी कर लेते हैं लोग

Updated on:
30 Jul 2023 01:25 pm
Published on:
30 Jul 2023 01:18 pm
Also Read
View All