
ये तो आपने अक्सर सुना ही होगा कि पेड़-पौधों में भी जान होती है। वो भी इंसानों की तरह ही सांस लेते हैं। मगर पेड़ों को काटते वक्त लोग इस बात को भूल जाते हैं। लेकिन जरा सोचिए, अगर इन पेड़ो को काटने पर इंसानों की तरह खून निकलने लगे, तो आप क्या करेंगे? यकीनन आप ऐसा नजारा देखकर डर जाएंगे, क्योंकि शायद आपको पहले ऐसी कोई उम्मीद नहीं होगी। लेकिन आपको बता दें, एक ऐसा पेड़ दुनिया में मौजूद हैं जिसे काटने पर इंसानों की ही तरह लाल रंग का खून बहने लगता है।
पेड़ से निकलने वाले खून को देखने आते हैं लोग
दक्षिण अफ्रीका में पाए जाने वाले इस बेहद ही खास और अनोखे पेड़ को लोग 'ब्लडवुड ट्री' के नाम से जानते हैं। इसे किआट मुकवा या मुनिंगा भी कहते हैं। इस पेड़ से एकदम वैसा ही खून निकलता है जो इंसानों के खून जैसा होता है। सिर्फ पेड़ को काटने पर ही नहीं, अगर इसकी डाली टूट जाए तो भी इसमें से इंसान के खून की तरह लाल पदार्थ निकलता है। इस पेड़ से निकलते खून को देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं।
लाल रंग का खून असल में खून नहीं
दरअसल, इस पेड़ से निकलने वाला लाल रंग का खून असल में खून नहीं है। ये एक तरह का तरल पदार्थ है। दुनियाभर में मशहूर ये अनोखा पेड़ वनस्पति की बाकी प्रजातियों से अलग है। इसकी बनावट भी बाकी पेड़ों से अलग होती है। इस पेड़ की लंबाई 12 से 18 मीटर की होती है। पेड़ के ऊपर पड़ों और टहनियों का आकार ऐसा होता है मानो छतरी लगी हो। इस पेड़ में घने पत्ते और पीले रंग के फूल खिलते हैं।
काफी महंगी होती है इसकी लकड़ियां
इस पेड़ का साइंटिफिक नाम 'सेरोकारपस एंगोलेनसिस' है। इसकी लकड़ी काफी कीमती होती है और महंगी बिकती है। इसकी लकड़ी की खासियत ये है कि वो आसानी से मुड़ जाती है और ज्यादा सिकुड़ती भी नहीं। ये अनोखा पेड़ मोजाम्बिक, नामीबिया, तंजानिया और जिम्बाब्वे जैसे देशों में भी पाया जाता है।
इस पेड़ के इस्तेमाल से बनती हैं कई दवाईयां
इस पेड़ का इस्तेमाल दवाई के रूप में भी किया जाता है। यह इंसानों के खून संबंधी बीमारियों को ठीक कर देता है। इसमें दाद से लेकर आंखों की परेशानी, पेट की समस्या, मलेरिया और गंभीर चोटों को भी ठीक करने की ताकत है। शायद इसी लिए लोग इसे 'जादूई पेड़' भी कहते हैं।
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन थियेटर में डॉक्टर क्यों पहनते हैं हरे और नीले रंग के कपड़े, 10 पॉइंट में समझें