अगर आप ऑफिस के वर्क कल्चर से वाकिफ नहीं हैं तो पहली बार नौकरी ज्वॉइन करने पर परेशानी हो सकती है।
अगर आप ऑफिस के वर्क कल्चर से वाकिफ नहीं हैं तो पहली बार नौकरी ज्वॉइन करने पर परेशानी हो सकती है। आपको पहली नौकरी में कुछ खास बातों का खयाल रखना चाहिए, तभी आप वर्कप्लेस पर सबके चहेते बन सकते हैं। जानते हैं वर्कप्लेस से जुड़ी कुछ खास बातों के बारे में, जो आपको कॅरियर में आगे ले जा सकती हैं।
क्यापढ़ाई पूरी करने के बाद यह आपका पहला जॉब है? अगर हां तो आपको कुछ बातों का खयाल रखना चाहिए ताकि कार्यकुशलता के साथ-साथ आप व्यवहार-कुशलता से सबका दिल जीत लें। अगर आप कॅरियर में लंबी पारी खेलना चाहते हैं, तो आपको समझदारी से काम लेना होगा और उन कायदों का पालन करना होगा, जो आपके फस्र्ट जॉब इंप्रेशन को शानदार बना देगा। एक बार जॉब में अपना प्रभाव छोडऩे के बाद आप कॅरियर में तेजी से सफल हो सकते हैं। जानते हैं खास कायदों के बारे में-
इंटरनेट का सही इस्तेमाल
इंटरनेट ने हर किसी की दुनिया बदलकर रख दी है। इसने हमारे कई काम आसान कर दिए हैं। ऑफिस वर्क में कई बार इंटरनेट की मदद लेनी पड़ती है। कई लोग इंटरनेट पर उपलब्ध सामग्री का उसी रूप में इस्तेमाल करने लग जाते हैं, जबकि यह कॉपीराइट कानूनों के तहत गलत है और नैतिक रूप से भी। इंटरनेट से कोई ऑफिशियल कंटेंट लेने की सोच रहे हैं, तो इस बारे में अपने सीनियर्स से डिस्कशन करना बहुत जरूरी है। बॉस की स्वीकृति के बाद ही आपको इंटरनेट से कोई सामग्री लेनी चाहिए। आप सोशल नेटवर्किंग साइट के ज्यादा इस्तेमाल के कारण भी ऑफिस में बदनाम हो सकते हैं। आपको ऑफिस में फेसबुक का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। आपको ऑफिशियल डाटा के गलत जगह पर अपलोड से भी बचना चाहिए।
विनम्र रहें
नौकरी में सिर्फ आपकी परफॉर्मेंस ही नहीं देखी जाती, बल्कि आपके व्यवहार पर भी गौर किया जाता है। समस्या को आप किस तरह से सुलझाते हैं, यह भी महत्वपूर्ण है। सीनियर्स और कलीग्स से विनम्र व्यवहार आपको आगे बढ़ा सकता है। काम के दौरान आपसे कोई गलती हो जाती है, तो उसकी जिम्मेदारी लेकर सबका दिल जीत सकते हैं। गलत तरीकों से आगे बढऩे का प्रयास आपको नुकसान पहुंचाता है।
सबका रखें खयाल
अगर आप किसी खास विषय पर अपनी राय प्रकट कर रहे हैं या कोई हल्का-फुल्का मजाक कर रहे हैं, तो सामने वाले की पसंद-नापसंद को समझ लें। इसके बाद ही कुछ बोलें। सलाह तो यही है कि आप टू द प्वॉइंट बोलें। कई बार आपके बेहतरीन काम से आपके कलीग्स भी चिढ़ सकते हैं। इस बात का भी पूरा ध्यान रखें कि आपको अपनी योग्यताओं को बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश नहीं करना चाहिए। आपको खुद पर केंद्रित होने के बजाय सामने वाले व्यक्ति को भी पूरा महत्व देना चाहिए। इससे आपके प्रोफेशनल रिश्ते मजबूत होते हैं और आपको भविष्य में काफी फायदा मिल सकता है।
चुप रहना भी सीखें
ऑफिस में होने वाली मीटिंग्स में आपकी उपस्थिति हमेशा दर्ज होनी चाहिए। किसी चीज को समझकर उसके बारे में तुरंत अपनी सही राय पेश करने से अच्छा इंप्रेशन पड़ता है, पर यह बात हमेशा सही नहीं होती। ऑफिस में कई मौकों पर चुप रहना पड़ता है।
वर्क कल्चर को समझें
कुछ सालों पहले ऑफिस में इंटेलीजेंस कोशेंट (आईक्यू) को तवज्जो दी जाती थी। इसके बाद इमोशनल कोशेंट (ईक्यू) आया। अब कल्चरल कोशेंट (सीक्यू) को तरजीह दी जा रही है। अगर आप नई जगह पर काम करने जा रहे हैं, तो वहां की कार्य संस्कृति के बारे में पता करें। आपको लोगों की संस्कृति के अनुरूप काम करने चाहिए। हर व्यक्ति के साथ काम करने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहें।
जब कोई व्यक्ति पहली बार नौकरी करने जाता है तो वह कई चीजों से अनजान रहता है। धीरे-धीरे वह कई नई चीजों के बारे में जानता है।