विदेश

अमेरिकी दौरे से पहले इराक में चला ऑपरेशन, पूर्व प्रधानमंत्री शिया अल-सुदानी के कई करीबी नेताओं को किया गया गिरफ्तार

Iraq के बगदाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया। ग्रीन जोन में छापेमारी के दौरान कई नेता, सांसद और सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया।
2 min read
Jun 28, 2026
Mohammed Shia al-Sudani
पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी (IANS Photo)

Iraq Corruption Raid Politicians Arrested: इराक की राजधानी बगदाद में सुरक्षा बलों ने ग्रीन जोन इलाके में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान कई नेताओं, सांसदों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया। इराकी अधिकारियों ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही बड़ी कार्रवाई का हिस्सा बताया है। ग्रीन जोन इराक का सुरक्षित इलाका माना जाता है, जहां सरकार के प्रमुख दफ्तर, संसद, अमेरिकी दूतावास और अन्य देशों के कार्यालय मौजूद हैं।

घरों और ठिकानों पर हुई छापेमारी

सुरक्षा बलों ने ग्रीन जोन के अंदर कई आवासीय इलाकों और निजी घरों में छापेमारी की। इसके अलावा बगदाद के दूसरे हिस्सों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई वित्तीय भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में अदालत के आदेश पर की गई। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन में आतंकवाद रोधी बलों और सेना की इकाइयों ने हिस्सा लिया।

सांसदों और अधिकारियों पर कार्रवाई

इराक की सरकारी समाचार एजेंसी INA के अनुसार, कुछ गिरफ्तारियां पूर्व उप तेल मंत्री अदनान अल-जुमैली से जुड़ी जांच के आधार पर की गईं। जुमैली को पिछले महीने भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार लोगों में कुछ सांसद भी शामिल हैं, जिनकी संसदीय सुरक्षा हटाई जा चुकी थी। 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 सांसद शामिल हैं। इनमें से कुछ लोग पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के राजनीतिक गुट से जुड़े बताए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री अली अल-जैदी का भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

इराक के नए प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने सत्ता संभालने के बाद लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का वादा किया है। इराक में भ्रष्टाचार लंबे समय से बड़ी समस्या रहा है और इससे निपटने के लिए कई सरकारें पहले भी अभियान चलाने का दावा कर चुकी हैं। इससे पहले अदनान अल-जुमैली से जुड़े मामले में 85 मिलियन डॉलर से ज्यादा की रकम जब्त किए जाने की खबर सामने आई थी।

अमेरिका दौरे से पहले कार्रवाई पर उठे सवाल

यह कार्रवाई प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के अमेरिका दौरे से पहले हुई है। यह कदम भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की छवि मजबूत करने की कोशिश हो सकता है। एक राजनयिक ने कहा कि यह अभियान जुलाई में होने वाली अमेरिका यात्रा की तैयारियों से भी जुड़ा हो सकता है। वहीं कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि जांच का दायरा केवल आर्थिक भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि हथियारों की सप्लाई, अमेरिकी डॉलर की तस्करी और ईरान समर्थित गुटों से जुड़े मामलों तक भी पहुंच सकता है।

भ्रष्टाचार नेटवर्क पर कार्रवाई

इराकी सुरक्षा बलों ने सुबह होने से पहले यह अभियान शुरू किया। न्यायिक अधिकारियों की ओर से जारी गिरफ्तारी वारंट के बाद यह कार्रवाई की गई। कुछ संदिग्ध कार्रवाई शुरू होने से पहले ही भाग गए, जिसके बाद ग्रीन जोन को सील कर तलाशी अभियान बढ़ा दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच आने वाले दिनों में भी जारी रह सकती है।

Updated on:
28 Jun 2026 06:09 pm
Published on:
28 Jun 2026 06:09 pm