मोज़ाम्बिक में नाव पलटने से 3 भारतीयों की मौत हो गई है। इस हादसे में 5 भारतीय लापता भी हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मोज़ाम्बिक (Mozambique) में एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ है। बेइरा (Beira) शहर के बंदरगाह के पास समुद्र में एक नाव गुरुवार को पलट गई। इस नाव पर एक टैंकर के 14 भारतीय क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें रूटीन क्रू ट्रांसफर के लिए टैंकर पर पहुंचाया जा रहा था। हालांकि टैंकर तक पहुंचने से पहले ही नाव पलट गई। हालांकि अभी तक इस हादसे की असल वजह का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन मौसम या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।
मोज़ाम्बिक में नाव पलटने के इस हादसे में 3 भारत क्रू मेंबर्स की मौत हो गई है। भारतीय उच्चायोग ने तीनों की मौत पुष्टि की है। भारतीय उच्चायोग ने मृतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही यह भी बताया कि वो मृतकों के परिवारों से संपर्क में है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। ज़्यादा जानकारी और अपडेट्स के लिए भारतीय उच्चायोग ने इमरजेंसी नंबर्स भी शेयर किए हैं।
इस हादसे के बाद 6 भारतीय क्रू मेंबर्स को बचा लिया गया है। इनमें से 1 व्यक्ति घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे के बाद 5 लोग अभी भी लापता हैं। लापता लोगों की तलाश जारी है और इसके लिए बचाव अभियान को तेज़ कर दिया गया है, जिससे जल्द से जल्द उन्हें ढूंढा जा सके।