अमेरिकी सांसद ने 'टैरिफ वॉर' के तहत राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत को टारगेट करने के विषय में एक बड़ा दावा किया है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
भारत (India) और अमेरिका (United States Of America) के बीच ऐतिहासिक ट्रेड डील (India-US Trade Deal) कुछ दिन पहले ही हुई है। सालभर चली वार्ताओं के बाद दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर सहमति बनी। इस ट्रेड डील के बाद अमेरिका ने भारत पर लगाए 25% टैरिफ को घटाकर 18% कर दिया गया है और रूसी तेल की खरीद पर लगाए एक्स्ट्रा 25% टैरिफ को भी हटा दिया गया है। साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने इस बात की भी घोषणा की है कि भारत अब रूस (Russia) से तेल नहीं खरीदेगा, लेकिन अभी तक भारत की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अब एक अमेरिकी सांसद ने ट्रंप पर बड़ा आरोप लगाया है।
अमेरिकी सांसद ब्रैड शरमैन (Brad Sherman) ने ट्रंप पर बड़ा आरोप लगाया है। शरमैन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप भारत पर बेतुके टैरिफ लगाने के बहाने ढूंढ रहे हैं। ट्रंप का दावा है कि यह रूस से तेल आयात करने के कारण किया गया है, जबकि हंगरी अपने कच्चे तेल का 90% रूस से बिना किसी टैरिफ के आयात करता है। रूस का सबसे बड़ा तेल खरीदार चीन, रूसी तेल खरीदने से जुड़े प्रतिबंधों की चपेट में नहीं आया है, लेकिन अन्य कारणों से उस पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। भारत अपने कच्चे तेल का सिर्फ 21% रूस से खरीदता है, लेकिन हमारे सहयोगी देश को निशाना बनाया जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप को इस नीति को तुरंत बदलना चाहिए।"
भारत पर ट्रंप ने 50% टैरिफ लगाया था, जो काफी ज़्यादा था। हालांकि इतने टैरिफ के बावजूद भी भारत को नुकसान नहीं हुआ और भारत का अमेरिका को एक्सपोर्ट भी बढ़ा। ट्रेड डील के साथ ही अब ट्रंप ने भारत पर लगाए टैरिफ पर यू-टर्न लेते हुए इसे घटाकर सिर्फ 18% कर दिया है।