Donald Trump Latest Statement: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई की मौत के बाद अमेरिका ने ईरान पर एक और बड़ा हमला किया है।
US-Iran War: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई अमेरिकी एयर-स्ट्राइक में मारे जा चुके हैं, इस बात की पुष्टि सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की थी। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप के एक और बड़े दावे ने इंटरनेशनल मीडिया का ध्यान फिर से खींच लिया है। जी हां, अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई ने ईरान में भारी तबाही मचाई, खामनेई समेत ईरान के टॉप लीडरशिप को एक झटके में खत्म कर दिया गया। लेकिन अब एक और बड़ा दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी फोर्स ने ईरान के नौ नौसैनिक जहाजों को भी समुद्र में डुबो दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर जानकारी साझा करते हुए लिखा, "मुझे अभी पता चला है कि हमने नौ ईरानी नेवल शिप को तबाह कर दिया है और डुबो दिया है, उनमें से कुछ काफी बड़े और जरूरी हैं। हम बाकियों के पीछे जा रहे हैं, वे भी जल्द ही समुद्र की तलहटी में तैर रहे होंगे। एक अलग हमले में हमने उनके नेवल हेडक्वार्टर को काफी हद तक तबाह कर दिया। इसके अलावा, उनकी नेवी बहुत अच्छा कर रही है।"
वहीं, इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने भी अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, ''ईरान के आतंक के धुरी समूह के सभी बड़े आतंकवादी नेताओं का खात्मा कर दिया गया है।''
यूनाइटेड स्टेट सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने पुष्टि की है कि रातभर अमेरिका ने ईरान पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। बयान के मुताबिक, अमेरिकी B-2 स्टील्थ बमवर्षक दो हजार पाउंड के भारी बमों के साथ ईरान की मजबूत बैलिस्टिक मिसाइल सुविधाओं पर हमला करने पहुंचे। सेंटकॉम ने साफ कहा- किसी भी देश को अमेरिका के इरादों पर शक नहीं करना चाहिए।
सेंटकॉम ने आगे बताया कि ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ की शुरुआत ईरान की जमरान-क्लास कॉर्वेट पर हमला करके हुई। यह युद्धपोत वर्तमान में ओमान की खाड़ी में चाबहार पियर के पास डूब रहा है।
कमांड ने कहा कि ईरान को पहले ही चेतावनी दी गई थी कि उसके सैनिक, आईआरजीसी और पुलिस अपने हथियार डाल दें। साथ ही, उन्होंने तेहरान के उस दावे को भी खारिज किया कि उसकी प्रतिक्रिया सिर्फ अमेरिकी सैन्य ठिकानों तक सीमित थी।
सेंटकॉम का आरोप है कि ईरान ने जानबूझकर नागरिकों को निशाना बनाया और कई देशों में 12 से ज्यादा जगहों पर हमले किए। इन टारगेट्स में शामिल हैं:
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Dubai International Airport)
कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Kuwait International Airport)
जायद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (दुबई)
इराक में एरबिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Erbil International Airport)
दुबई का फेयरमोंट पाम होटल (Fairmont The Palm)
दुबई का बुर्ज अल अरब होटल (Burj Al Arab)
बहरीन का क्राउन प्लाजा होटल (Crown Plaza Bahrain)
दुबई बंदरगाह (Dubai Port)
हाइफा तेल रिफाइनरी (Haifa Refinery)
इजराइल के बेइत शेमेश (Beit Shemesh)
तेल अवीव के आवासीय क्षेत्र (Tel Aviv)
बहरीन के एरा व्यूज टावर्स का रिहायशी इलाका (Aera Views Towers)
Qatar का एक रिहायशी इलाका
ऐसे में सेंटकॉम का कहना है कि हालात बेहद गंभीर हैं और ईरान की कार्रवाइयों ने पूरे क्षेत्र में तनाव को खतरनाक स्तर तक पहुंचा दिया है।