
Starshield Drones: एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सेवा ईरान युद्ध में दोनों पक्षों के इस्तेमाल को लेकर विवादों में है। 'वॉशिंगटन पोस्ट' के मुताबिक, ईरान ने अमेरिकी सेना के खिलाफ अभियानों में स्टारलिंक का सहारा लिया, जबकि अमेरिकी सेना द्वारा इसके सैन्य संस्करण के उपयोग के तरीके ने मस्क को नाराज कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेना स्पेसएक्स की सैन्य सैटेलाइट सेवा 'स्टारशील्ड' से एकतरफा हमलावर ड्रोन चला रही थी। इसके लिए ली गई सदस्यता जमीनी अभियानों के लिए थी। यह जानकारी मिलने पर मस्क नाराज हुए।
अमेरिका और इज़राइल के ईरान पर हमले शुरू करने के बाद तेहरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिकी बलों के खिलाफ सैन्य अभियानों में स्टारलिंक का इस्तेमाल किया। इससे कमान एवं नियंत्रण और हमलावर ड्रोन अभियानों की निगरानी की गई।
संघर्ष के शुरुआती दिनों में स्पेसएक्स ने दो अनधिकृत इस्तेमाल पकड़े। उसकी टीम का मानना था कि इनका संबंध अमेरिकी सेना के खिलाफ ईरानी अभियानों से था। एक व्यक्ति के अनुसार, दो घटनाओं को लेकर उसी सप्ताह के अंत तक कंपनी के कम से कम दो अधिकारियों को निकाल दिया गया। इसके बाद रीसेलर के जरिए सेवा खरीदने वालों की जांच भी सख्त की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, गर्मियों में रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को सौंपे गए युद्ध संबंधी गोपनीय अपडेट में ईरान के स्टारलिंक इस्तेमाल का संक्षिप्त जिक्र था। पेंटागन ने कहा कि उसे अखबार में बताई गई, रक्षा मंत्री कार्यालय को भेजी सेंट्रल कमांड की रिपोर्ट की जानकारी नहीं है।
कुवैत के पोर्ट शुएबा में अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर 1 मार्च के ईरानी ड्रोन हमले में छह अमेरिकी सैनिक मारे गए थे। इस हमले में स्टारलिंक के इस्तेमाल की पुष्टि रिपोर्ट नहीं करती। पेंटागन ने जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किए हैं। मस्क और स्पेसएक्स ने रॉयटर्स के सवालों पर तत्काल जवाब नहीं दिया।
ईरान में स्टारलिंक को लाइसेंस नहीं है, हालांकि मस्क वहां सेवा सक्रिय होने की बात मान चुके हैं। जनवरी के देशव्यापी प्रदर्शनों समेत अशांति के दौर में ईरानी प्रशासन इंटरनेट सीमित करता रहा है। 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' के अनुसार, प्रदर्शनों के बाद अमेरिकी सरकार ने हजारों स्टारलिंक टर्मिनल चोरी-छिपे ईरान पहुंचाए। फरवरी के आखिर में सैन्य अभियान शुरू होने के बाद भी इंटरनेट पर कड़ा नियंत्रण है।
ऐसे में नेटवर्क पर रोक से उन नागरिकों और असंतुष्टों पर असर पड़ सकता है, जो ब्लैकआउट से बचने के लिए इस पर निर्भर हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध में भी इसके इस्तेमाल और संघर्ष क्षेत्रों में निजी सैटेलाइट नेटवर्क के नियंत्रण पर सवाल उठे हैं। प्रतिबंधित संस्थाओं या सैन्य बलों के अनधिकृत उपयोग की आशंका भी चर्चा में रही है।
एक अलग घटनाक्रम में ईरान की सरकारी मेहर न्यूज़ एजेंसी ने 26 नवंबर को टेलीग्राम पर AI से बना वीडियो जारी किया। इसमें अमेज़न, माइक्रोसॉफ्ट और स्पेसएक्स के मुख्यालयों पर काल्पनिक ड्रोन हमले दिखाए गए। वीडियो में कंपनियों पर अमेरिकी-इज़राइली सेना का साथ देने का आरोप लगाकर हर्जाना और पश्चाताप मांगा गया, वरना तबाही की चेतावनी दी गई। हालांकि, अंग्रेजी वॉयसओवर में कहा गया कि अमेरिकी लोगों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा।
वीडियो में पेंटागन की AI साझेदारी वाली विज्ञप्ति भी दिखी। साथ की पोस्ट में 28 फरवरी को मिनाब के शजरेह तैय्यबेह प्राथमिक स्कूल पर बमबारी का उल्लेख था। संयुक्त राष्ट्र विशेषज्ञों के अनुसार, इसमें कम से कम 175 छात्राओं की जान गई।