विदेश

Haiti stampede: हैती में ऐतिहासिक किले पर भगदड़, 30 की मौत, वार्षिक उत्सव बना त्रासदी

Citadelle Laferriere: हैती के ऐतिहासिक किले Citadelle Laferrière में वार्षिक कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। भारी भीड़ और बारिश के कारण हालात बिगड़े। राहत कार्य जारी है, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

2 min read
Apr 12, 2026
Haiti stampede

Haiti stampede: हैती के उत्तरी हिस्से से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शनिवार को ऐतिहासिक किले Citadelle Laferrière में मची भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब यहां हर साल होने वाले एक बड़े आयोजन के लिए भारी भीड़ जमा हुई थी। हैती एक केरिबियन देश है। बताया जा रहा है कि यह किला 19वीं सदी की शुरुआत में बनाया गया था, ठीक उस दौर में जब Haiti ने फ्रांस से आजादी हासिल की थी। आज यह जगह सिर्फ ऐतिहासिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी बेहद अहम मानी जाती है। यही वजह है कि हर साल यहां बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। खासकर छात्र और स्थानीय लोग। इस घटना पर देश के पीएम का बयान भी सामने आया है।

जानें डिटेल्स


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा किले के प्रवेश द्वार पर हुआ, जहां अचानक भीड़ बेकाबू हो गई। Jean Henri Petit, जो हैती के नॉर्ड विभाग में सिविल प्रोटेक्शन के प्रमुख हैं, उन्होंने बताया कि ज्यादा भीड़ और उसी दौरान हुई बारिश ने हालात को और खराब कर दिया। फिसलन और अफरा-तफरी के कारण लोग एक-दूसरे पर गिरते चले गए, जिससे यह दुखद स्थिति पैदा हुई। यह ऐतिहासिक स्थल UNESCO की विश्व धरोहर सूची में भी शामिल है, इसलिए यहां हर साल होने वाला कार्यक्रम काफी बड़ा और भीड़भाड़ वाला होता है। लेकिन इस बार यह आयोजन मातम में बदल गया। एक ऐतिहासिक और खुशी का मौका, कुछ ही पलों में एक दर्दनाक त्रासदी में बदल गया।

पीएम ने जताया दुख


घटना के बाद हैती के पीएम Alix Didier Fils-Aimé ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। उन्होंने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम में कई युवा भी शामिल थे, हालांकि अभी तक मृतकों की पूरी पहचान सामने नहीं आई है। राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है, क्योंकि अभी पूरी जानकारी सामने आनी बाकी है, जिसके बाद संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।

Published on:
12 Apr 2026 08:01 am
Also Read
View All