विदेश

हिज़बुल्लाह ने की जवाबी कार्रवाई, इज़रायली सेना पर किए 16 हमले

Israel-Hezbollah War: इज़रायल और हिज़बुल्लाह के बीच युद्ध जारी है। इज़रायल के हमलों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए अब हिज़बुल्लाह ने इज़रायली सेना पर 16 हमले किए हैं।

2 min read
Jun 09, 2026
Hezbollah attacks Israeli forces
इज़रायली सेना पर हिज़बुल्लाह ने किए हमले (File Photo)

इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच युद्ध जारी है। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मध्यस्थता में एक से ज़्यादा बार इज़रायल और लेबनान के बीच सीज़फायर होने के बावजूद इज़रायली हमले नहीं रुक रहे। हिज़बुल्लाह के लड़ाके भी जवाबी कार्रवाई कर रहा है और साउथ लेबनान के साथ ही नॉर्थ इज़रायल में भी समय-समय पर हमले करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

इज़रायली सेना पर हिज़बुल्लाह ने किए 16 हमले

हिज़बुल्लाह ने सोमवार को साउथ लेबनान में इज़रायली सेना पर 16 हमले किए हैं। हिज़बुल्लाह ने जानकारी दी है कि उसके लड़ाकों ने इज़रायली सेना के खिलाफ हमलों की एक श्रृंखला शुरू कर दी है, जिसमें कई संवेदनशील क्षेत्रों में सैनिकों के ठिकानों, सैन्य वाहनों और लॉजिस्टिकल उपकरण शामिल हैं।

किन इलाकों में किए हमले?

हिज़बुल्लाह ने साउथ लेबनान में बेत याहून, रचाफ, नाकौरा, अत-तिरी और ऐनाता के बाहरी इलाकों में इज़रायली सैनिकों और वाहनों पर कई हमले किए। हालांकि इन हमलों में कितना नुकसान हुआ, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। लेबनान के ऐतिहासिक ब्यूफोर्ट किले के पास इज़रायली सेना के एक संचार वाहन और ओदैस्से में एक तोपखाने की चौकी पर हिज़बुल्लाह ने ड्रोन अटैक्स भी किए। इसके अलावा हिज़बुल्लाह ने योहमर अल-शाकिफ के दक्षिण-पूर्वी बाहरी इलाकों पर भारी गोलाबारी की और दावा किया कि उसके लड़ाकों ने इज़रायल के कई गोला-बारूद परिवहन वाहनों और सैन्य बुलडोज़रों को नष्ट करने के लिए गोलीबारी के साथ ही मिसाइलें और तोपों का भी इस्तेमाल किया।

इज़रायली रक्षा मंत्री ने दी चेतावनी

इसी बीच इज़रायली रक्षा मंत्री इज़रायल काट्ज़ (Israel Katz) ने चेतावनी दी है कि उनकी सेना साउथ लेबनान में हिज़बुल्लाह के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखेगी। काट्ज़ ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक हिज़बुल्लाह की सैन्य क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती और लेबनान की बॉर्डर पर इज़रायल की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती, तब तक इज़राइली सेना लेबनान के अंदर सक्रिय रूप से कार्रवाई करती रहेगी। काट्ज़ ने जोर दिया कि इज़रायल अपनी सुरक्षा के लिए किसी भी खतरे को बर्दाश्त नहीं करेगा और ज़रूरत पड़ने पर और ज़्यादा सख्त कदम उठाएगा।

Published on:
09 Jun 2026 08:17 am