विदेश

होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे जहाज पर हमला, UKMTO ने जारी की चेतावनी

Hormuz Strait Attack: होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक जहाज पर अज्ञात चीज से हमला हुआ है। घटना के बाद UKMTO ने क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
Sep 13, 2026
Oman Coast Guard, Maritime Security
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाज पर प्रोजेक्टाइल से हमला (फाइल फोटो)

Strait of Hormuz: होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि 12 सितंबर को इस इलाके से गुजर रहे एक जहाज को अज्ञात प्रक्षेप्य ने निशाना बनाया। घटना के बाद चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान और पर्यावरण पर असर की तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है। UKMTO ने क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाजों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने को कहा है।

रात में हुई घटना

UKMTO की चेतावनी (134-26) के अनुसार, इस घटना की जानकारी 12 सितंबर को रात 11 बजे (23:00 UTC) मिली। खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई हैं। एजेंसी ने अपनी चेतावनी में स्पष्ट किया है कि शुरुआती रिपोर्ट में जहाज पर सवार चालक दल की स्थिति, जहाज को हुए नुकसान का दायरा और इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले असर को लेकर कोई तत्काल सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है। स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

समुद्री जहाजों के लिए एडवाइजरी जारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए UKMTO ने होर्मुज जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले सभी जहाजों को अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इसके साथ ही, सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मामले की पूरी जांच जारी रहने तक किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने का निर्देश दिया गया है।

ईरान की परमाणु क्षमता पूरी तरह खत्म करना मुश्किल

एलन आयर ने अल जजीरा से बातचीत में कहा कि ईरान के पास परमाणु हथियार बनाने की क्षमता को पूरी तरह खत्म करना संभव नहीं है। उनके अनुसार, ईरान यूरेनियम संवर्धन की तकनीक सीख चुका है। ऐसे में उसके पास मौजूद तकनीकी क्षमता को पूरी तरह मिटाना आसान नहीं होगा और केवल उसके इरादे में बदलाव लाने की कोशिश की जा सकती है।

परमाणु ढांचे को नुकसान, लेकिन तकनीकी ज्ञान आगे बढ़ा

आयर ने बताया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े बुनियादी ढांचे के कुछ हिस्से नष्ट किए जा चुके हैं। हालांकि, इन हिस्सों को भविष्य में दोबारा बनाया जा सकता है। दूसरी ओर, ईरान का परमाणु तकनीक से जुड़ा ज्ञान लगातार बढ़ता रहा है।

सेंट्रीफ्यूज और यूरेनियम संवर्धन में बढ़ी जानकारी

पूर्व अमेरिकी वार्ताकार के अनुसार, ईरान ने सेंट्रीफ्यूज बनाने और ज्यादा मात्रा में ऊंचे स्तर तक यूरेनियम संवर्धन करने के तरीकों को लेकर अपनी तकनीकी समझ में काफी प्रगति की है। उनका कहना है कि यह तकनीकी ज्ञान पहले की तुलना में तेजी से आगे बढ़ा है।

Updated on:
13 Sept 2026 08:04 am
Published on:
13 Sept 2026 07:43 am