विदेश

अदन एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों ने किया हमला, दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें

Houthis Attacked Aden Airport: हूती विद्रोहियों ने यमन के अदन एयरपोर्ट पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला कर दिया है।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 5:36 PM IST
Houthis missile strike
हूती विद्रोहियों ने दागीं मिसाइलें (Photo - ANI)

यमन (Yemen) के अदन एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों (Houthis) ने हमला कर दिया है। हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी (Yahya Saree) ने लोगों से तुरंत अदन एयरपोर्ट को खाली करने की अपील की थी और उसके कुछ देर बाद ही हूतियों ने बैलिस्टिक मिसाइलों से अदन के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला कर दिया है।

एयरपोर्ट के पास जोरदार धमाका

हूती विद्रोहियों के मिसाइल अटैक के बाद अदन एयरपोर्ट के पास कुछ देर पहले एक जोरदार धमाका हुआ। एक स्थानीय सुरक्षा अधिकारी ने इस बारे में जानकारी दी। फिलहाल किसी के हताहत होने या नुकसान के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार एक बैलिस्टिक मिसाइल अदन एयरपोर्ट पर भी गिरी है। हालांकि इस मिसाइल के प्रभाव से जान-माल का कितना नुकसान हुआ, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं दी गई है।

अक्टूबर में अदन एयरपोर्ट पर पांचवां हमला

अदन एयरपोर्ट पर आज किया गया हमला अक्टूबर के महीने में इस एयरपोर्ट पर हूतियों का पांचवां हमला है। सरी ने हमले से पहले ही लोगों से एयरपोर्ट खाली करने की अपील की थी क्योंकि उनके अनुसार सऊदी अरब का एक सैन्य मालवाहक विमान ऐसे हथियारों के साथ एयरपोर्ट पर मौजूद था जिसका इस्तेमाल यमनी लोगों को मारने के लिए किया जाने वाला है। इसी वजह से हूतियों ने एक बार फिर अदन एयरपोर्ट को निशाना बनाया।

अदन एयरपोर्ट है यमनी सरकार के लिए अहम

अदन एयरपोर्ट यमन का सबसे अहम इंटरनेशनल एयरपोर्ट है और देश में चल रहे संघर्ष में इसका महत्व बहुत ज़्यादा है। अदन शहर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त यमनी सरकार की अस्थायी राजधानी है। सना एयरपोर्ट हूतियों के कब्ज़े में होने के कारण अदन एयरपोर्ट सरकार नियंत्रित क्षेत्रों का मुख्य इंटरनेशनल गेटवे है। यह एयरपोर्ट नागरिक उड़ानों, चिकित्सा उपचार के लिए विदेश जाने वाले मरीजों, छात्रों, कामगारों और मानवीय सहायता के लिए ज़रूरी है। इसके साथ ही सरकार के अधिकारियों की आवाजाही, सैन्य सप्लाई और कूटनीतिक संपर्क के लिए भी यह रणनीतिक रूप से अहम है। यह सरकार की संप्रभुता और बाहरी दुनिया से जुड़ाव के लिए भी ज़रूरी है। हूती अदन एयरपोर्ट पर इसलिए हमले करते हैं क्योंकि वो यमन की सरकार को कमजोर करना चाहते हैं। अदन एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हूती विद्रोही अदन को अलग-थलग करने, नागरिक उड़ानों और बाहर से आने वाली मानवीय सहायता को बाधित करने तथा लोगों के मन में डर पैदा करने की कोशिश करते हैं।

Updated on:
28 Oct 2026, 5:36 PM IST
Published on: