विदेश

वॉशिंग मशीन का विवाद, पत्नी-बेटे के सामने बेरहमी से काट दी गर्दन; अमेरिका में भारतीय शख्स की हत्या

अमेरिका में एक दिल दहला देने वाली घटना! वॉशिंग मशीन के विवाद में 50 वर्षीय भारतीय मूल के चंद्रमौली नागमल्लैया की उनके सहकर्मी ने पत्नी-बेटे के सामने ही कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है, जिसमें आरोपी को चंद्रमौली का सिर धड़ से अलग करते देखा जा सकता है। भारतीय दूतावास ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया है।
2 min read
Sep 12, 2025
Feature image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (फोटो- AI)

वॉशिंग मशीन के विवाद को लेकर अमेरिका के टेक्सास में एक 50 वर्षीय भारतीय मूल शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं। उनकी पहचान चंद्रमौली नागमल्लैया के रूप में हुई है। यह घटना बुधवार सुबह डलास के डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई।

पुलिस के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि मृतक अमेरिका में मोटल मैनेजर थे। टूटी हुई वॉशिंग मशीन को लेकर मृतक का उनके सहकर्मी 37 वर्षीय योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज के साथ विवाद हुआ था।

जिसके बाद आक्रोश में आकर आरोपी ने चंद्रमौली पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मृतक की पत्नी और बेटे के सामने आरोपी ने चंद्रमौली के सिर को धड़ से अलग कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज में दिखी पूरी वारदात

इस दुर्दांत घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमें कोबोस-मार्टिनेज को भारतीय मूल के शख्स पर हमला करते देखा जा रहा है।

फुटेज में यह भी देखा गया कि मृतक अपनी जान बचाने के लिए मोटल कार्यालय की ओर भागते हैं, जहां उसकी पत्नी और 18 वर्षीय बेटे बीच बचाव की कोशिश भी करते हैं, लेकिन आरोपी उन्हें धक्का देकर चंद्रमौली की गर्दन काट देता है।

भारतीय दूतावास ने क्या कहा?

बताया जा रहा है कि आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, भारतीय वाणिज्य दूतावास ने नागमल्लैया की दुखद मौत पर शोक व्यक्त किया है। इसके साथ कहा कि उनकी उनके कार्यस्थल पर 'क्रूरतापूर्वक हत्या' की गई।

वाणिज्य दूतावास ने अपने एक्स पोस्ट में कहा कि हम परिवार के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। आरोपी डलास पुलिस की हिरासत में है। हम मामले पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।

अमेरिका में पहले भी भारतीय पर हो चुका है हमला

अमेरिका में भी भारतीय पर हमलों की घटनाएं पहले हो चुकी हैं। मार्च 2025 में फ्लोरिडा के एक अस्पताल में भारतीय मूल की नर्स लीलम्मा लाल पर हमला हुआ, जिसमें हमलावर ने नस्लीय टिप्पणियां की थीं।

इसके अलावा, 2023 में सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तान समर्थकों द्वारा हमले की घटनाएं दर्ज की गई थीं।

Published on:
12 Sept 2025 09:17 am