
Iran Energy Crisis: ईरान में गहराते ऊर्जा संकट के बीच अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के बिजली-ऊर्जा बचाने के संदेश पर तंज कसा है। मंद रोशनी और बिना हीटिंग वाले दफ़्तर में काम करते पेज़ेश्कियान से जुड़ी रिपोर्ट पर बेसेंट ने शुक्रवार (स्थानीय समय) को एक्स पर लिखा, “बहुत बढ़िया। आपकी सर्दियां शानदार हों।”
बेसेंट ने 22 नवंबर की 'वॉशिंगटन पोस्ट' रिपोर्ट पर यह प्रतिक्रिया दी। रिपोर्ट के अनुसार, पेज़ेश्कियान डेस्क लैंप की रोशनी में काम करते दिखे, जबकि कमरे का बड़ा झूमर बंद था। उन्होंने थर्मोस्टेट भी दिखाया, जिस पर तापमान 65 डिग्री था।
ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी पर प्रसारित इस फुटेज का मकसद नागरिकों को ऊर्जा बचाने के लिए प्रेरित करना था। हालांकि, ईरानी विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने अख़बार को बताया कि यह राष्ट्रपति के काम करने की वास्तविक स्थिति नहीं थी। अधिकारी के मुताबिक, यह ज़िम्मेदारी से ऊर्जा इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए उठाया गया प्रतीकात्मक कदम था।
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के सबसे बड़े तेल और प्राकृतिक गैस भंडारों में से कुछ ईरान के पास हैं। इसके बावजूद वह अमेरिकी प्रतिबंधों और नौसैनिक नाकेबंदी के बीच ऊर्जा संकट झेल रहा है।
पेजेश्कियान लगातार कहते रहे हैं कि बाहरी दबाव ईरान का विकास नहीं रोक सकता। सरकारी समाचार एजेंसी इरना के अनुसार, गुरुवार को एक नई शहरी ट्रेन लाइन के पहले चरण के उद्घाटन पर उन्होंने कहा कि प्रतिबंधों और युद्ध से हालात कठिन हुए, लेकिन देश की प्रगति नहीं रुकी। उन्होंने लोगों से मतभेद भुलाकर घरेलू ताकत और जनभागीदारी के सहारे आगे बढ़ने की अपील की।
बुधवार रात और गुरुवार सुबह रज़ावी खुरासान प्रांत के दौरे में भी उन्होंने कहा कि ईरानी अपने देश की रक्षा में डटे रहेंगे और अमेरिका या इज़राइल के दबाव में नहीं झुकेंगे।
शुक्रवार को पेजेश्कियान ने 28 फरवरी को मीनाब के एक स्कूल पर हुए हमले को लेकर अमेरिका और इज़राइल की फिर आलोचना की। उन्होंने 168 बच्चों की मौत का दावा करते हुए दोनों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, “किसी पिता के लिए उस बच्चे को दफ़नाने से बड़ा कोई दर्द नहीं, जिसे अभी उसकी बांहों में होना चाहिए था।” राष्ट्रपति ने कहा कि इसे कभी भुलाया नहीं जाएगा और यह अत्याचार मानवाधिकारों की रक्षा का दावा करने वालों का पाखंड उजागर करता है।
अल जज़ीरा के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के एक तथ्य-खोज मिशन ने सितंबर में कहा था कि इस घातक हमले के पीछे अमेरिका के होने का विश्वास करने के उचित आधार हैं और यह युद्ध अपराध था।
ईरान पर संयुक्त राष्ट्र के स्वतंत्र अंतरराष्ट्रीय तथ्य-खोज मिशन की रिपोर्ट के मुताबिक, शजरेह तैय्यबेह प्राथमिक स्कूल पर हमले में कम से कम 156 लोग मारे गए। इनमें करीब 120 स्कूली बच्चे, 26 शिक्षक, अन्य कर्मचारी और अभिभावक शामिल थे, जबकि 110 से अधिक लोग घायल हुए।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जून में जारी जांच का हवाला देते हुए कहा था कि ईरान में किसी स्कूल पर “किसी ने भी” जानबूझकर हमला नहीं किया।