
यमन में जारी संघर्ष के बीच ईरान ने हूती विद्रोहियों को अपना समर्थन देने के पीछे की वजह बताई है। ईरान ने कहा है कि यमन को लेकर उसकी नीति किसी दूसरे देश के आंतरिक मामलों में दखल देने की नहीं, बल्कि वहां शांति और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की है। ईरान का कहना है कि यमन के लोगों के हितों की रक्षा करना और उन्हें अपना भविष्य तय करने का अधिकार देना जरूरी है।
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने यमन में जारी हिंसा के दौरान आम नागरिकों की मौत पर चिंता जताई है। उन्होंने यमनी नागरिकों की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि मौजूदा संकट का सैन्य कार्रवाई से समाधान नहीं निकाला जा सकता। इसके लिए क्षेत्र के देशों और यमन के अलग-अलग पक्षों के बीच बातचीत जरूरी है।
ईरान लंबे समय से यमन के हूती विद्रोहियों का समर्थन करता रहा है। इसे लेकर अमेरिका, सऊदी अरब और उसके सहयोगी देश लगातार सवाल उठाते रहे हैं। हालांकि, ईरान ने एक बार फिर अपने रुख का बचाव किया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई के मुताबिक, हूतियों के प्रति ईरान का समर्थन किसी राजनीतिक दखल या क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान की यह नीति वास्तविक चिंता, तर्कसंगत सोच और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की प्रतिबद्धता पर आधारित है।
बघाई ने यह भी संकेत दिया कि यमन के संकट को बाहरी दबाव या सैन्य ताकत के दम पर खत्म नहीं किया जा सकता। इसके लिए यमन के लोगों और संबंधित क्षेत्रीय पक्षों की सहमति जरूरी है।
इसके अलावा, ईरानी प्रवक्ता ने यमन में बुनियादी सुविधाओं और रिहायशी इलाकों पर हो रहे हमलों को तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम लोगों के घरों और जरूरी ढांचे को निशाना बनाए जाने से मानवीय संकट और गहरा रहा है। बघाई ने यमन पर लगी नाकेबंदी को भी अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे खत्म करने की जरूरत बताई।