
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया है कि, एक 'नियम तोड़ने वाला' तेल टैंकर, जो 'अनधिकृत' रास्ते से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करने की कोशिश कर रहा था, ओमान के अल घनम द्वीप के उत्तर में समुद्री सुरंगों (माइन्स) से टकरा गया। इसके बाद उसमें विस्फोट हुआ और आग लग गई।
IRGC के आधिकारिक समाचार आउटलेट 'सिपह न्यूज' पर जारी नौसेना के एक बयान के अनुसार, यह जहाज एक अन्य तेल टैंकर के साथ मिलकर 'चुपके से' इस जलमार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था। बयान में आगे कहा गया कि विस्फोट के बाद, दूसरे टैंकर ने अपना रास्ता बदल लिया और वापस लौट गया।
नौसेना ने कहा कि हाल के दिनों में इस जलडमरूमध्य के 'अनधिकृत' रास्ते का इस्तेमाल करने की कोशिश करने वाले 'नियम तोड़ने वाले' टैंकरों की संख्या में भारी कमी आई है। नौसेना के अनुसार, यह इस जलमार्ग के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों पर हमारे बलों की ताकत और पूर्ण संप्रभुता को दर्शाता है।
इससे पहले, शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने बताया कि उनके वायु रक्षा प्रणालियों (एयर डिफेंस सिस्टम) ने एक अमेरिकी F-16 फाइटिंग फाल्कन विमान को अपना रास्ता बदलने और ईरान के दक्षिणी हवाई क्षेत्र से दूर जाने के लिए मजबूर कर दिया।
IRGC के आधिकारिक समाचार आउटलेट 'सिपह न्यूज' पर प्रकाशित एक बयान के अनुसार, यह लड़ाकू विमान हेंगाम द्वीप के दक्षिण-पूर्व में ईरानी हवाई क्षेत्र के करीब आ गया था। यह विमान उन जहाजों को सुरक्षा (एयर कवर) दे रहा था, जिन्हें IRGC ने समुद्री नियमों का 'उल्लंघन' करने वाला बताया है।
बयान में कहा गया है कि IRGC की एयरोस्पेस फोर्स द्वारा चेतावनी के तौर पर गोलीबारी (वार्निंग शॉट्स) किए जाने के बाद, विमान ने कलाबाजियों (harsh manoeuvre) के साथ अपना रास्ता बदला और ईरानी हवाई क्षेत्र से दूर चला गया। बयान में IRGC की वायु रक्षा प्रणालियों को 'आधुनिक और उन्नत' बताया गया है।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री यातायात के नियमों को दरकिनार करने की कोई भी कोशिश 'स्वीकार्य नहीं' है। उन्होंने कहा कि अगर नियमों का उल्लंघन जारी रहता है, तो इसमें शामिल लोगों और उनका समर्थन करने वाले सैन्य बलों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसने अमेरिकी सैन्य कमांडरों को यह भी चेतावनी दी कि ईरानी हवाई क्षेत्र देश के सशस्त्र बलों के लिए एक 'रेड लाइन' है।