
US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य झड़प की खबरें आ रही हैं। अमेरिकी हमलों का ईरान ने जवाब दिया है। ईरान ने अमेरिका के बेहरीन बेस पर हमला किया है। दूसरी तरफ, ईरानी रिवॉल्यूशनरी गॉर्ड कॉप्स (IRGC) ने दुनिया भर के लिए चेतावनी जारी की है। आईआरजीसी ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सभी जहाजों के लिए बंद कर दिया गया है।
IRGC ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि अगर किसी भी जहाज ने होर्मुज पार करने की कोशिश की तो उसे निशाना बनाया जाएगा। IRGC ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा कि इलाके में असुरक्षा के कारण, होर्मुज जलडमरूमध्य को तेल टैंकरों और कमर्शियल जहाजों समेत सभी जहाजों के लिए तत्काल प्रभाव से बंद घोषित किया जाता है।
अलजजीरा ने ईरानी मीडिया का हवाला देते हुए रिपोर्ट किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी और ईरानी सेना के बीच भारी गोलीबारी हो रही है। अमेरिकी सेना ने अब तक IRGC के सात ठिकानों को निशाना बनाया है। जिनमें बंदर अब्बास, सिरिक, केशम द्वीप और हेंगाम द्वीप और उनके आसपास के इलाके शामिल हैं।
IRGC नौसेना ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गैर-कानूनी तरीके से गुजरने की कोशिश कर रहे दो जहाजों पर हमला किया गया। वहीं, प्रेस टीवी के अनुसार, अमेरिकी हमले के बाद मिनाब काउंटी के करगन इलाके में दो निवासी छर्रे लगने से घायल हो गए।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने कहा कि उसकी सेना ने ईरान में कई ठिकानों के खिलाफ अतिरिक्त आत्मरक्षा हमले शुरू कर दिए हैं। उसने यह भी कहा कि यह कार्रवाई ईरान की लगातार और बिना उकसावे वाली आक्रामकता के जवाब में की जा रही है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के आधिकारिक X अकाउंट पर एक पोस्ट में बताया है कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड की सेनाओं ने कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर आज शाम 5:15 बजे (ET) ईरान में कई ठिकानों के खिलाफ अतिरिक्त आत्मरक्षा हमले शुरू किए। ये हमले ईरान की बिना उकसावे वाली और लगातार आक्रामकता के जवाब में किए जा रहे हैं।
अमेरिकी और ईरानी सैन्य झड़प के कारण एकबार फिर भारत सरकार की टेंशन बढ़ गई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने का एकबार फिर तेल व गैस पर असर पड़ सकता है। मिडिल ईस्ट संकट के कारण भारत में महंगाई की मार भी पड़ रही है। होर्मुज होकर लगभग 50 फीसदी LNG गैस भारत आयात होता है। वहीं, लगभग इतना ही कच्चा तेल भारत इस रास्ते इम्पोर्ट करता है। ऐसे में भारत सरकार को आने वाले समय में चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, कुछ घंटे पहले ओमान में भारतीय जहाज पर हमला भी हुआ था।