
प्रतीकात्मक तस्वीर
US Iran tensions: पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ता हुआ दिखाई पड़ रहा है। दरअसल, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की चेतावनी के बाद अमेरिकी सेना ने ईरान के कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरानी समाचार एजेंसियों की ओर से अमेरिकी हमलों की पुष्टि की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान के किश द्वीप और बंदर अब्बास में हमले किए हैं।
उधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए ईरान पर हमले की पुष्टि की। इस संबंध में सेंट्रल कमांड ने बताया कि अमेरिकी सेना ने कमांडर इन चीफ के आदेश के बाद ईस्टर्न स्टैंडर्ड टाइम (EST) के मुताबिक शाम सवा पांच बजे ईरान के अंदर कई ठिकानों पर हमले शुरू किए। प्रशासन के मुताबिक, यह सख्त कदम ईरान द्वारा लगातार की जा रही आक्रामकता का सीधा जवाब है।
ईरान के कई शहरों में धमाकों की खबरों के बीच इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटरों को पूरी तरह अलर्ट पर रखा गया है। ईरानी मीडिया ‘मेहर न्यूज एजेंसी’ का हवाला देते हुए अल जजीरा ने बंदर अब्बास बंदरगाह शहर में नए धमाकों की खबर दी है। कई अन्य जगहों पर भी धमाकों की सूचना है, जिनमें दक्षिण के शहर सिरिक और मिनाब, साथ ही केशम द्वीप और उत्तर का शहर गोरगन शामिल हैं। अल जजीरा ने ईरानी मीडिया के हवाले से बताया कि पश्चिमी तेहरान में एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिवेट कर दिया गया है। दक्षिण-पश्चिम ईरान के फार्स प्रांत में भी एक धमाका सुना गया, जिसे शहर के बाहर एयर डिफेंस सिस्टम के सक्रिय होने से जोड़ा जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी हमले के बाद पूरे ईरान में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। वहीं, इराकी मीडिया की खबरों में दावा किया गया है कि ईरान ने एरबिल में अमेरिकी अल-हरीर एयर बेस को निशाना बनाकर मिसाइल हमला किया है। दावा किया गया है कि इस हमले में इराक के कुर्दिस्तान इलाके में अमेरिकी रडार सिस्टम नष्ट हो गया है।
आपको बता दें कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ईरान पर फिर से हमले शुरू करेगा। उन्होंने इस दौरान वाशिंगटन के साथ डील पूरी करने में तेहरान की देरी पर निराशा जताई थी। ओवल ऑफिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, 'हम उन पर हमला करने जा रहे हैं, बहुत जोरदार हमला करेंगे।' उन्होंने यह भी कहा था कि हेलीकॉप्टर की घटना के आधार पर मुझे लगता है कि हमारे पास ऐसा करने का अधिकार है।
Updated on:
11 Jun 2026 06:05 am
Published on:
11 Jun 2026 05:40 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
