विदेश

मिनाब स्कूल हमले को लेकर ईरान ने दो अमरीकी नौसैन्य अधिकारियों को दी धमकी

मिनाब स्कूल हमले में 168 बच्चों की मौत के बाद ईरान ने दो अमेरिकी नौसैन्य अधिकारियों को धमकी दी, कहा कि हम तुम्हें ढूंढ लेंगे। ट्रंप ने भी चेताया।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 12:16 PM IST
Iran issued a threat to US Navy officials
ईरान ने अमेरिकी नौसेना के अधिकारियों को दी धमकी (फोटो-ANI)

ईरान ने दो अमेरिकी नौ सेना के अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि दोनों सैन्य अधिकारियों ने मिनाब स्कूल पर बम बरसाए थे। जिसमें 168 निर्दोष मासूम बच्चे मारे गए थे। अमेरिकी मीडिया चैनल फॉक्स न्यूज ने रिपोर्ट किया है कि ईरान ने दोनों अधिकारियों को चेतावनी दी है कि हम तुम्हें ढूंढ लेंगे।

दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने चेतावनी दी

अमेरिकी मीडिया चैनल के अनुसार, यह चेतावनी दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जारी की। जिसमें दोनों अधिकारियों के नाम साफ तौर पर लिए गए। ईरान ने कमांडर लेह आर. टेट और लेफ्टिनेंट कमांडर जेफ्री ई. यॉर्क को निशाने पर लेते हुए कहा कि "हम तुम्हें ढूंढ लेंगे"। ईरान ने दोनों अधिकारियों की तस्वीरें भी जारी की है।

28 मार्च को भी इन दोनों अधिकारियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की

गौरतलब बात यह है कि ईरान की इस्लामिक रीजिम ने 28 मार्च को भी इन दोनों अधिकारियों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थी। तब उसने कहा था कि मिनाब के प्राथमिक स्कूल पर टॉमहॉक मिसाइलें दागने का निर्देश देने का आरोप लगाया था। उस पोस्ट में दूतावास ने लिखा था इन दोनों को याद रखो। इसके साथ ही, ईरान ने पूछा था कि क्या इनके अपने बच्चे नहीं हैं?

वहीं, ईरान की ओर से यह ताजा धमकी ऐसे समय में आई है, जब यूएसएस स्प्रूएंस शुक्रवार को 357 दिन की लंबी तैनाती पूरी कर सैन डिएगो लौटा। इस दौरान उसने ईरानी बलों के खिलाफ सक्रिय लड़ाकू अभियानों में हिस्सा लिया। अमरीकी नौसैन्य कमांडरों को सार्वजनिक रूप से निशाना बनाए जाने से सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी धमकियों पर दी प्रतिक्रिया

ईरानी दूतावास का यह बयान अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी के ठीक एक दिन बाद आया, जिसमें उन्होंने तेहरान को वरिष्ठ अमरीकी अधिकारियों की हत्या की कोशिश से बाज आने को कहा था। 12 नवंबर को रेडियो होस्ट ह्यू हेविट को दिए इंटरव्यू में ट्रंप से पूछा गया था कि अगर ईरान किसी वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी की हत्या में कामयाब हो गया, तो अमेरिका की प्रतिक्रिया क्या होगी। ट्रंप ने कहा था कि वे ज्यादा समय तक अस्तित्व में नहीं रहेंगे।

अमेरिकी वित्त मंत्री ने छोड़ा घर, सैन्य अड्डे पर हुए शिफ्ट

इसी बीच अमरीकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने पुष्टि की कि वे वॉशिंगटन के पास अपने आवास से हटकर एक सैन्य अड्डे पर चले गए हैं। बताया गया कि तेहरान से जुड़ी बताई जा रही लगातार जान से मारने की धमकियों के बाद ऐसा किया गया। शुक्रवार को सीएनबीसी पर बातचीत में बेसेंट ने कहा कि यह कदम सिर्फ सीक्रेट सर्विस की सलाह पर उठाया गया।

Updated on:
16 Nov 2026, 12:16 PM IST
Published on: