विदेश

इज़रायल-लेबनान में सीज़फायर 3 हफ्ते बढ़ा, ट्रंप ने किया ऐलान

Israel-Lebanon Ceasefire: इज़रायल और लेबनान में सीज़फायर 3 हफ्ते बढ़ा दिया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीज़फायर बढ़ाने का ऐलान किया है।

2 min read
Apr 24, 2026
Ceasefire in Lebanon
Ceasefire in Lebanon

इज़रायल (Israel) और हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच लेबनान (Lebanon) में 16 अप्रैल को 10 दिन के सीज़फायर की घोषणा की गई थी। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मध्यस्थता में यह सीज़फायर लागू हुआ और उन्होंने इज़रायल को इसका पालन करने का आदेश भी दिया था। हालांकि ट्रंप के आदेश की धज्जियाँ उड़ाते हुए अलग-अलग मौकों पर सीज़फायर का उल्लंघन किया। हालांकि अब दोनों देशों में एक बार फिर सीज़फायर को बढ़ाने पर सहमति बन गई है और इसे 3 हफ्ते बढ़ाने का फैसला लिया गया है। ट्रंप ने सीज़फायर बढ़ाने का ऐलान किया है।

व्हाइट हाउस में मीटिंग के बाद बढ़ाया गया सीज़फायर

लेबनान में सीज़फायर का उल्लंघन करते हुए इज़रायली हमलों में एक पत्रकार सहित करीब पांच लोगों की मौत के एक दिन बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में अमेरिका में इज़रायली राजदूत येचिएल लीटर (Yechiel Leiter) और लेबनानी राजदूत नाडा मोवाद (Nada Moawad) की अमेरिकी मध्यस्थता में हुई शांति-वार्ता के दूसरे दौर के लिए मेजबानी की। इस दौरान सहमति के बाद सीज़फायर बढ़ाने का फैसला लिया गया। लेबनानी राजदूत मोवाद ने इस मीटिंग के बाद ट्रंप को सीज़फायर बढ़ाने में मदद करने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि अमेरिका की मदद से लेबनान को फिर से ग्रेट बनाया जा सकता है।

लेबनान को हिज़बुल्लाह से बचाने में मदद करेगा अमेरिका

इस मीटिंग के बारे में ट्रंप ने जानकारी दी कि यह काफी अच्छी रही। ट्रंप ने बताया कि लेबनान को हिज़बुल्लाह से बचाने में मदद करने के लिए उसके साथ काम करेगा। ट्रंप ने यह भी कहा कि दोनों देशों के बीच इसी साल शांति समझौता हो सकता है। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने निकट भविष्य में इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ औन (Joseph Aoun) की एक साथ मेजबानी करने की बात भी कही।

Updated on:
25 Apr 2026 12:45 pm
Published on:
24 Apr 2026 07:08 am