Israel-Hamas War: इज़रायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध में अब इज़रायली सेना ने गाज़ा सिटी के निवासियों से एक अपील की है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।
इज़रायल (Israel) और हमास (Hamas) के बीच चल रहे युद्ध को करीब 23 महीने पूरे हो गए हैं और अभी भी इसके रुकने के आसार नज़र नहीं आ रहे हैं। इज़रायली हमलों में करीब 64 हज़ार फिलिस्तीनियों की जान जा चुकी है और अभी भी इज़रायली हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। इज़रायली सेना पूरी गाज़ा सिटी पर कब्ज़ा करने के लिए तेज़ी से अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है। अभी करीब 40% ग़ज़ा सिटी पर इज़रायली सेना का कब्ज़ा हो चुका है। इसी बीच इज़रायली सेना ने गाज़ा सिटी में रहने वाले लोगों से एक अपील की है।
इज़रायली सेना ने गाज़ा सिटी के निवासियों को अपनी जान बचाने के लिए भागने के लिए कहा है। इज़रायली सेना ने सभी लोगों को साउथ में सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) पहले ही इस बात को ग्रीन सिग्नल दे चुके हैं कि उनकी सेना, गाज़ा सिटी में रह रहे लोगों को सुरक्षित निकलने का मौका देगी। नेतन्याहू ने कहा है कि उनका उद्देश्य नागरिकों को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि गाज़ा सिटी पर कब्ज़ा करके हमास को सरेंडर करने के लिए मजबूर करना है।
इज़रायली सेना के चल रहे सैन्य अभियान की वजह से हमास पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इज़रायल इस युद्ध को खत्म करने के लिए तैयार है, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें रखी हैं, जिनमें सभी बंधकों की रिहाई और हमास की तरफ से हथियार डालना शामिल है। हालांकि हमास हथियार डालने के लिए तैयार नहीं है, लेकिन लगातार हो रहे हमलों से हमास कमज़ोर पड़ रहा है।