ट्रंप ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और सार्वजनिक रूप से शांति की पेशकश भी कर चुके हैं। इसके बावजूद इजराइल ने शनिवार को ईरान के यज्द में मिसाइल और समुद्री सुरंग फैक्ट्री पर हमला कर दिया, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ने की आशंका है।
ईरान के साथ युद्ध समाप्त हो, इसके लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अब शांति की सार्वजनिक पेशकश भी कर दी है। इसके बावजूद पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी है। इसका कारण इजराइल है।
दरअसल, इजराइल हर रोज ट्रंप के शांति प्रयासों पर पानी फेर दे रहा है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज ने शनिवार को बताया कि उसने ईरान के यज्द में मिसाइलों और समुद्री सुरंगों को बनाने वाली मेन फैक्ट्री पर हमला किया है। इस हमले से तनाव और बढ़ने उम्मीद जताई गई है।
इजराइली फोर्स ने दावा किया कि ईरान इस फैक्ट्री का इस्तेमाल क्रूज प्लेटफॉर्म, पनडुब्बियों और हेलीकॉप्टरों से मोबाइल व स्थिर दोनों तरह के समुद्री लक्ष्यों की ओर लॉन्च की जाने वाली एडवांस्ड मिसाइलों को बनाने व रखने के लिए करता था।
इजराइली सेना ने यह भी कहा- तेहरान भर में हमले किए गए, वायु सेना ने ईरान में हथियार बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बुनियादी ढांचे और अन्य जगहों को निशाना बनाया। इसमें उन जगहों को भी मुख्य रूप से टार्गेट किया गया, जहां बैलिस्टिक मिसाइल बनती हैं।
इजराइल फोर्स के अनुसार, पश्चिमी ईरान में सैन्य खुफिया जानकारी के मार्गदर्शन में वायु सेना ने पूरी रात ईरानी शासन के फायरिंग ठिकानों पर हमले किए। जिन लक्ष्यों पर हमला किया गया उनमें लॉन्चर और मिसाइल भंडारण स्थल शामिल थे, जो इजराइल के लिए खतरा पैदा करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वह शासन के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर हमला करने के लिए बिना किसी रुकावट के काम करना जारी रखे हुए है, जिसका उद्देश्य इजराइल राज्य के नागरिकों की ओर होने वाली गोलाबारी को कम करना है।
बता दें कि एक दिन पहले खुफिया जानकारी के मार्गदर्शन में इजराइली वायु सेना ने पश्चिमी ईरान में लगभग 20 लड़ाकू विमानों के जरिए दर्जनों बुनियादी ढांचों पर हमले किए।
वायु सेना ने करमानशाह और देजफुल में भी हमले किए। उन्होंने बैलिस्टिक मिसाइलों तथा वायु रक्षा प्रणालियों के भंडारण व लॉन्चिंग के लिए इस्तेमाल की जाने वाली जगहों पर लगभग 70 गोला-बारूद गिराए।
इसके अलावा, इन जगहों पर काम करने वाले ईरानी सैनिकों को भी मार गिराया गया। अब इजराइली फोर्स ने यह भी कहा कि लगभग आठ घंटे की शांति के बाद उन्होंने एक और नई बैलिस्टिक मिसाइल का पता लगाया है।