विदेश

मोजतबा खामेनेई ही संभाल रहे हैं ईरान की लीडरशिप, सुप्रीम लीडर पर आया बड़ा अपडेट

Update On Mojtaba Khemenei: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनई पर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मोजतबा के प्रतिनिधि ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी है।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 2:57 PM IST
Mojtaba Khamenei
मोजतबा खामेनेई (File Photo)

ईरान (Iran) और अमेरिका (United States of America) के बीच भले ही फिलहाल हमलों का दौर रुका हुआ है, लेकिन तनाव अभी भी खत्म नहीं हुआ है और न ही युद्ध का स्थायी अंत हुआ है। दोनों देशों के बीच युद्ध को 8 महीने पूरे होने वाले हैं। शुरुआत में ही ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अली खामेनेई (Ali Khamenei) की एक हमले में मौत हो गई थी, जिसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई (Mojtaba Khamenei) को देश का नया सुप्रीम लीडर नियुक्त किया गया था। हालांकि पूरे युद्ध के दौरान अब तक वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। इसी बीच अब मोजतबा के प्रतिनिधि ने सुप्रीम लीडर के स्वास्थ्य पर बड़ा अपडेट दिया है।

मोजतबा खामेनेई ही संभाल रहे हैं ईरान की लीडरशिप

आईआरजीसी - इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC - Islamic Revolutionary Guard Corps) में ईरानी सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि अब्दुल्ला हाजी सादेघी (Abdollah Haji Sadeghi) का कहना है कि मोजतबा ही ईरान की लीडरशिप संभाल रहे हैं और पूरी तरह स्वस्थ हैं। युद्ध के दौरान कई मौकों पर मोजतबा के स्वास्थ्य पर सवाल उठे हैं क्योंकि वह अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं। कई बार तो उनकी मौत की आशंका भी जताई गई है। लेकिन सादेघी ने साफ कर दिया है कि ईरानी सुप्रीम लीडर पूरी तरह से स्वस्थ हैं और भले ही वह युद्ध के कारण वे सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे हैं, लेकिन पीछे से देश की कमान वह खुद संभाल रहे हैं।

मोजतबा ने दी चेतावनी

सादेघी ने यह भी बताया कि मोजतबा ने चेतावनी दी कि अगर दुश्मन ने कोई नई आक्रामकता दिखाई, तो ईरान उसे ऐसा करारा जवाब देगा जैसा पहले कभी नहीं दिया गया।

खुफिया और सुरक्षित स्थान पर छिपे हुए हैं मोजतबा

खतरे की स्थिति को देखते हुए मोजतबा बेहद ही खुफिया और सुरक्षित स्थान पर छिपे हुए हैं। वह कहाँ हैं इस बारे में बहुत ही कम लोग जानते हैं। कुछ महीने पहले जानकारी आई थी कि अमेरिका और इज़रायल उनकी तलाश में जुटे हुए हैं। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए (CIA) और इज़रायली खुफिया एजेंसी मोसाद (Mossad) के जासूस मोजतबा को ढूंढने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें कामयाबी नहीं मिल पाई है। अमेरिका और इज़रायल ने मोजतबा को मारने के लिए कई बार खुफिया सूचना के आधार पर ईरान में हर उस जगह हमले किए जहाँ मोजतबा के होने की उम्मीद थी, लेकिन इसमें उन्हें कामयाबी नहीं मिली।