
Moscow Drone Attack: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में ड्रोन हमलों ने एक बार फिर हालात गंभीर कर दिए हैं। रूस के मॉस्को क्षेत्र में ड्रोन का मलबा गिरने से एक 6 महीने के बच्चे की मौत हो गई। मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव (Andrey Vorobyov) ने टेलीग्राम चैनल पर इसकी जानकारी दी, कि एक शिशु को दो बच्चों के साथ इमारत से बाहर निकाला गया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रातभर में 419 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने सरकारी मैक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा कि एयर डिफेंस सिस्टम ने 419 यूक्रेनी फिक्स्ड-विंग मानवरहित विमानों को रोका और नष्ट किया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने भी कहा कि 50 दुश्मन ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने नष्ट कर दिया।
रूस ने पहले भी गिराए थे सैकड़ों ड्रोन
रूस का कहना है कि यह ड्रोन हमला हाल के बड़े हमलों में से एक है। इससे कुछ दिन पहले रूस ने गुरुवार और शुक्रवार के बीच 660 यूक्रेनी ड्रोन गिराने का दावा किया था। दोनों देशों के बीच चल रहे युद्ध में ड्रोन अब सबसे अहम हथियार बन चुके हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस की सैन्य रणनीति पर हमला करते हुए कहा कि मॉस्को पिछले चार सालों में डोनबास क्षेत्र पर कब्जे को लेकर 15 बार समय सीमा तय कर चुका है और बाद में उसे आगे बढ़ा दिया। जेलेंस्की ने कहा कि रूस की राजनीतिक सोच अभी भी डोनबास पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि अगर रूस युद्ध खत्म नहीं करता तो उसे अपनी समय सीमा फिर बदलनी पड़ेगी।
जेलेंस्की ने अपने रात के वीडियो संदेश में कहा कि यूक्रेन के हमलों के कारण रूस में तेल की समस्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा, 'यह युद्ध का सीधा परिणाम है। यह कई परिणामों में से एक है। यह भी एक उदाहरण है कि यूक्रेन कैसे जवाब देता है, सटीक तरीके से, आतंकवाद के जरिए नहीं।'
वहीं दूसरी ओर यूक्रेन में रूसी हमलों में भी कई लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, तीन बड़े यूक्रेनी शहरों पर हुए हमलों में 10 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल हुए। द्निप्रो शहर में मिसाइल हमले में 6 लोगों की मौत और 29 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई। वहीं जापोरिज्जिया में ड्रोन हमले से एक मिनीबस को निशाना बनाया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत और आठ लोग घायल हुए, जिसमें एक 7 साल का बच्चा भी शामिल है।