विदेश

अदियाला जेल से इस्लामाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में इमरान खान को किया शिफ्ट, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

Imran Khan health update: इमरान खान को आंखों की रोशनी कम होने की शिकायत के बाद अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई यह कार्रवाई, अस्पताल क्षेत्र को बनाया गया छावनी।
2 min read
Aug 21, 2026
former pakistan pm imran khan update news.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान । (Photo- IANS)

Imran Khan's health: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर खबर सामने आने के बाद उन्हें इस्लामाबाद की अदियाला जेल से एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किया गया। अस्पताल में शिफ्ट किए जाने के बाद इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। इमरान खान को दाई आंख से कम दिखाई देने का मामला सामने आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उन्हें फिर से अदियाला जेल लाया गया है।

आधी रात को निजी अस्पताल ले जाए गए इमरान खान

न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI) ने बताया कि पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को गुरुवार आधी रात के बाद मेडिकल जांच के लिए अदियाला जेल से इस्लामाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। खान को शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल तब ले जाया गया, जब संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश का पालन करेगी। जिसमें अधिकारियों से उनकी मेडिकल जांच की सुविधा देने को कहा गया था। PTI ने कहा कि यह कदम इस हफ्ते की शुरुआत में आए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उठाया गया, लेकिन पार्टी ने और जानकारी नहीं दी।

मीडिया एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जांच के बाद पूर्व पीएम इमरान खान अस्पताल में ही रहेंगे या अदियाला जेल वापस जाएंगे। इधर, खान के परिजनों व समर्थकों ने उन्हें अस्पताल में रहने देने की इजाजत मांगी थी।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया था अस्पताल ले जाने का निर्देश

इससे पहले गुरुवार को तारिक फजल चौधरी चौधरी ने कहा था कि पाकिस्तान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से यह स्पष्ट करने को कहा है कि क्या खान को दी गई मेडिकल राहत सिर्फ उन्हीं के लिए है या इसमें दूसरे कैदी भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अनुरोध का मकसद कोर्ट के आदेश में देरी करना या उसे न मानना ​​नहीं था। सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने दो दिन पहले अधिकारियों को आदेश दिया था कि वे खान को मेडिकल जांच के लिए शिफा इंटरनेशनल हॉस्पिटल ले जाएं, क्योंकि उनके परिवार और निजी डॉक्टरों ने उनकी सेहत और इलाज की सुविधा को लेकर लंबे समय से चिंता जताई थी।

मेडिकल बोर्ड गठित करने का निर्देश

पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि एक मेडिकल बोर्ड उनकी सेहत की जांच करें। जिसमें स्पेशलिस्ट और उनके निजी डॉक्टर फैसल सुल्तान शामिल हों। पाकिस्तान सरकार ने कोर्ट में दलील दी थी कि कैदियों को मौजूदा नियमों के तहत मेडिकल सुविधा मिलती है और जरूरत पड़ने पर उन्हें सरकारी अस्पतालों में ले जाया जा सकता है। जनवरी में खान की सेहत को लेकर चिंता तब और बढ़ गई जब उनके परिवार ने दावा किया कि उनकी दाईं आंख की लगभग 85% रोशनी चली गई है।

पाकिस्तान सरकार ने PTI के दावे को बताया गलत

सरकार ने इस दावे को गलत बताया और बाद में कहा कि उनकी आंखों की रोशनी में लगभग 70% सुधार हुआ है। पूर्व क्रिकेटर और प्रधानमंत्री रहे खान को अप्रैल 2022 में संसद में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पद से हटा दिया गया था। भ्रष्टाचार के मामले समेत कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से वह 2023 से जेल में हैं।

Updated on:
21 Aug 2026 07:40 am
Published on:
21 Aug 2026 07:40 am