
पाकिस्तान (Pakistan) और अफगानिस्तान (Afghanistan) के बीच तनाव कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। तालिबान (Taliban) के सत्ता में लौटने के बाद से ही दोनों देशों के बीच दुश्मनी काफी बढ़ गई है। बढ़ते तनाव के बीच तालिबान शासन के सूचना और संस्कृति मंत्री शिर अहमद हक्कानी (Shir Ahmad Haqqani) ने पाकिस्तान के टुकड़े होने की चेतावनी दी है। हक्कानी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।
हक्कानी ने कहा कि पाकिस्तान में अफगानिस्तान जैसी एकता नहीं है। तालिबान के मंत्री के अनुसार पाकिस्तान में आंतरिक विवाद, जातीय-क्षेत्रीय तनाव और विभिन्न समूहों के बीच टकराव इतने गहरे हैं कि लगातार सतत सैन्य दबाव या संघर्ष की स्थिति में देश टूट सकता है। उन्होंने पाकिस्तानी सैन्य कार्रवाइयों की निंदा की और चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान अपनी नीति नहीं बदलेगा तो उसके अंदरूनी झगड़े बढ़ेंगे और देश टुकड़ों में बंट जाएगा।
बलूचिस्तान (Balochistan) और पीओके (PoK - Pakistan Occupied Kashmir) के पाकिस्तान से टूटने की सबसे ज़्यादा संभावना है। दोनों प्रांतों की जनता पाकिस्तानी सरकार और सेना के खिलाफ हैं और पाकिस्तान से आज़ादी चाहते हैं। बलूचिस्तान में लंबे समय से लोग एक अलग देश की मांग उठा रहे हैं। बलूच नेता तो इस मामले में अंतर्राष्ट्रीय समर्थन हासिल करने की भी अपील कर रहे हैं। वहीँ पिछले कुछ हफ्तों से पीओके भी विरोध प्रदर्शनों की आग में झुलस रहा है।
पिछले दो सालों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कई बार बॉर्डर पर झड़पें हुई हैं। पाकिस्तान ने कई मौकों पर अफगानिस्तान में हवाई हमले भी किए हैं। पाकिस्तानी सेना ने तालिबान को निशाना बनाते हुए ये हमले किए, लेकिन इनमें कई निर्दोष लोग भी मारे गए। जवाब में तालिबान के लड़ाके भी अक्सर ही बॉर्डर पर पाकिस्तानी सेना की चौकियों पर हमले करते हैं। इतना ही नहीं, तालिबान समर्थित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान - टीटीपी (Tehrik-i-Taliban Pakistan - TTP) जो पाकिस्तान में एक्टिव है, अक्सर ही देश में आतंकी हमलों को अंजाम देता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच जंग का खतरा भी बढ़ रहा है।