
Bangkok Bar Fire Thailand: थाईलैंड के मशहूर पर्यटन द्वीप फुकेट में सोमवार तड़के लगी भीषण आग में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हुए। हादसा पटोंग बीच के पास एक व्यावसायिक इमारत में हुआ, जहां से लपटें आसपास की इमारतों तक पहुंच गईं। राहत की बात यह रही कि मृतकों या घायलों में कोई विदेशी पर्यटक नहीं है। लेकिन चार महीने में दूसरे बड़े अग्निकांड ने थाईलैंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दक्षिणी थाईलैंड के रिजॉर्ट द्वीप फुकेट में सोमवार तड़के एक कारोबारी इमारत में लगी आग ने कम से कम 11 लोगों की जान ले ली। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने पुलिस के हवाले से यह जानकारी दी है।
पुलिस के अनुसार आग स्थानीय समय के मुताबिक सुबह करीब 3:17 बजे (भारतीय समय अनुसार लगभग 1:47 बजे) एक शॉपहाउस में लगी, जहां वाहन किराये पर देने का कारोबार चलता था। शॉपहाउस यानी नीचे दुकान और ऊपर रिहायश वाली इमारत, जो दक्षिण-पूर्व एशिया में आम है। यह इलाका पटोंग के नजदीक शहरी हिस्से में है, जो द्वीप के पश्चिमी तट का सबसे लोकप्रिय बीच डेस्टिनेशन माना जाता है।
लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि पड़ोस की कई इमारतें भी चपेट में आ गईं। दमकलकर्मियों को करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में कामयाबी मिली, ऐसा थाई अधिकारियों ने बताया।
घायल 16 लोगों में 15 थाई नागरिक हैं, जबकि एक म्यांमार का रहने वाला है। थाईलैंड में बड़ी संख्या में म्यांमार के प्रवासी कामगार काम करते हैं, इसलिए ऐसे हादसों में अक्सर वे भी प्रभावित होते हैं। राहत की बात यह है कि मृतकों और घायलों में कोई पर्यटक शामिल नहीं है।
आग किस वजह से लगी, इसका पता अभी नहीं चल सका है। अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। शॉर्ट सर्किट, ईंधन या वाहनों से जुड़े सामान जैसी संभावनाओं पर आमतौर पर ऐसे मामलों में गौर किया जाता है, पर फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ तय नहीं है।
यह हादसा ऐसे वक्त हुआ है जब महज चार महीने पहले बैंकॉक के एक बार में लगी आग में कम से कम 27 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसे इमारतों में अग्नि सुरक्षा मानकों, निकासी रास्तों और निरीक्षण की सख्ती पर नए सिरे से बहस छेड़ सकते हैं।