विदेश

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे पीएम मोदी, किया ऐलान- चेन्नई में खेला जाएगा BBL 2026-27 का पहला मैच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्‍ट्रेलिया दौरे का शुक्रवार को आखिरी दिन है। इस दौरान पीएम मोदी प्रसिद्ध मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पहुंचे। इस दौरान उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।
2 min read
Jul 10, 2026
Narendra Modi MCG Melbourne visit
PM Narendra Modi MCG Melbourne visit। Photo PM Modi X @narendramodi

PM Modi Australia Visit: मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्‍ट्रेलिया दौरे का शुक्रवार को आखिरी दिन है। इस दौरान पीएम मोदी प्रसिद्ध मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पहुंचे। पीएम मोदी के साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलिया की पुरुष क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों से मुलाकात की। खिलाड़ियों ने उनसे ऑटोग्राफ लिया और सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप का शुभारंभ किया। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़े वैश्विक खेल आयोजनों के लिए व्यापक स्तर पर खेल स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। आने वाले वर्षों में हमें एक-दूसरे से सीखने और काम करने के अनेक नए अवसर प्राप्त होंगे। बिग बैश लीग (BBL 2026-27) का पहला मैच भारत के चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। किसी भी स्पोर्टिंग लीग के लिए भारत में इवेंट करना बड़ी रीच और व्यूअरशिप की गारंटी है।

'दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि साझा जुनून'

एमसीजी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एमसीजी में आकर किसी भी भारतीय के मन में दो भावनाएं एक साथ आती हैं। एक, भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरा, यह एहसास कि दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं, बल्कि साझा जुनून है। आज यहां केवल खेल की खुशी, हमारी मित्रता की गर्मजोशी और भविष्य के चैंपियनों की ऊर्जा दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल और क्रिकेट से जुड़े बच्चों के साथ बातचीत करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनके जोश को देखकर लगा कि यहां बच्चों का कोई प्रदर्शनी मैच नहीं, बल्कि भविष्य के चैंपियनों का चयन चल रहा है। उनके आत्मविश्वास और ऊर्जा से स्पष्ट है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया में खेलों का भविष्य बेहद उज्ज्वल है।

अन्य खेलों में भी बढ़ाया जाएगा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब भी मुझे मेरे मित्र प्रधानमंत्री अल्बनीज से मिलने का अवसर मिला, क्रिकेट हमारे बीच स्वाभाविक जुड़ाव का माध्यम रहा है। अहमदाबाद में हम साथ स्टेडियम गए थे और आज यहां भी वही खेल भावना महसूस हो रही है। स्टीव वॉ और लीजा स्टालेकर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी हमें याद दिलाती है कि चैंपियन बनने के लिए प्रतिभा, स्वभाव और दृढ़ता- तीनों जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलेबरेशन रोडमैप लॉन्च करना मेरे लिए खुशी की बात है। इसके तहत क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा। स्पोर्ट्स ट्रेनिंग, स्पोर्ट्स साइंस, और टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर हम आगे बढ़ेंगे। ऑन फील्ड के साथ-साथ ऑफ फील्ड साझेदारी भी मजबूत करेंगे।

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयासरत भारत

उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से छोटे शहरों, गांवों और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी बड़े सपने देखने का अवसर मिल रहा है। आज भारत की खेल प्रतिभाएं देश के हर कोने से उभर रही हैं। हम 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भी प्रयासरत हैं, जबकि 2032 ओलंपिक खेलों की मेजबानी ब्रिस्बेन करेगा। कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि खेलों की तरह भारत और ऑस्ट्रेलिया की साझेदारी भी हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री अल्बनीज का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "हम साथ खेलें और हम साथ जीतें।

Updated on:
10 Jul 2026 09:44 am
Published on:
10 Jul 2026 09:43 am