PM Modi In Israel: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय दो दिवसीय इज़रायल दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है और आज भारत-इज़रायल के बीच रक्षा और व्यापार समझौतों पर मुहर लग सकती है।
भारत (India) के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) इस समय दो दिवसीय इज़रायल (Israel) दौरे पर हैं। बुधवार को पीएम मोदी इज़रायल पहुंचे और इनके स्वागत के लिए खुद इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू (Sara Netanyahu) के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। पीएम मोदी ने इज़रायल दौरे के पहले दिन देश की संसद को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्हें इज़रायली संसद के सर्वोच्च सम्मान 'मेडल और द नेसेट' (Medal of the Knesset) से भी नवाज़ा गया और पीएम मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले व्यक्ति बने। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत-इज़रायल संबंधों, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई समेत कई मुद्दों पर बात की।
आज भारत और इज़रायल के बीच रक्षा और व्यापार समझौतों पर मुहर लग सकती है। पीएम मोदी और नेतन्याहू आज इन समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। इनमें एडवांस्ड ड्रोन खरीद और आयरन डोम की एडवांस टेक्नोलॉजी से जुड़े समझौतों पर सहमति बन सकती है। इससे भारत की सैन्य ताकत और मज़बूत होगी जिससे पाकिस्तान (Pakistan) और चीन (China) की चिंता बढ़ सकती है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर भी सहमति संभव है जिसके तहत भारत और इज़रायल के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) संभव है। दोनों देशों के बीच एफटीए को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। एफटीए के तहत दोनों देशों के तहत कई सेक्टर्स में व्यापार बढ़ेगा।
पीएम मोदी आज इज़रायली राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग (Isaac Herzog) से भी मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच राजनीतिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को मज़बूत करने पर चर्चा होगी। 2017 के बाद यह पीएम मोदी का दूसरा इज़रायल दौरा है।
ये भी पढ़ें