विदेश

चीन में ट्रैफिक संभाल रहे रोबोट, 95% मामलों में उल्लंघन पहचाने

चीन में रोबोट को ट्रैफिक संभालने की ज़िम्मेदारी दी गई है और ये रोबोट पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
2 min read
Aug 21, 2026
Chinese robots
चीन में ट्रैफिक संभाल रहे रोबोट (Photo - Video Screenshot from @andresvilarino)

चीन (China) में अब ट्रैफिक (Traffic) संभालने का काम सिर्फ पुलिसकर्मी नहीं, बल्कि रोबोट (Robots) भी कर रहे हैं। हांगझोऊ शहर में तैनात किए गए ये रोबोट बिना हेलमेट ई-बाइक चलाने वालों से लेकर स्टॉप लाइन पार करने वाले वाहनों तक पर नज़र रखते हैं। कंपनी का दावा है कि मई से तैनात 15 रोबोट 1.70 लाख से ज़्यादा चेतावनियाँ जारी कर चुके हैं। ये रोबोट पहियों पर चलते हैं। इनके पास न बंदूक है, न किसी को गिरफ्तार करने की शक्ति। लेकिन कैमरे, रडार और ऑनबोर्ड कंप्यूटिंग की मदद से ये सड़क पर होने वाले ट्रैफिक 95% से ज्यादा उल्लंघनों को पहचान सकते हैं। ये सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चौराहों पर पहले से तय स्थानों पर पहुंचते हैं।

6 फीट 2 इंच के रोबोट चौराहों पर तैनात

इन रोबोट की ऊंचाई करीब 1.88 मीटर यानी 6 फीट 2 इंच और वजन 98 किलोग्राम है। ये व्यस्त चौराहों पर पुलिस की मदद करते हैं और ज़रूरत पड़ने पर वाहन चालकों या पैदल यात्रियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हैं। इन रोबोट को स्थानीय टेक्नोलॉजी कंपनी सुपकॉन इन्फॉर्मेशन ने बनाया है। इनका उद्देश्य ट्रैफिक पुलिस के ऐसे बार-बार दोहराए जाने वाले कामों को मशीनों से करवाना है, जिनमें पुलिसकर्मियों का काफी समय लगता है। इन रोबोट की मदद से चीन में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाले पुलिसकर्मियों को काफी मदद मिलती है, क्योंकि पुलिसकर्मियों के लिए सारा काम खुद करना आसान नहीं होता।

पुलिस के इशारों की करते है नकल

इन रोबोट की एक विशेषता यह भी है कि ये सिर्फ कैमरे से ट्रैफिक की निगरानी नहीं करते। इनके सात-जोड़ वाले मैकेनिकल हाथ ट्रैफिक पुलिस के सामान्य इशारों की नकल कर सकते हैं। रोबोट ट्रैफिक लाइट के साथ तालमेल बनाकर अपने हाथ हिलाते हैं। ये रोबोट ज़रूरत पड़ने पर लोगों के सवालों का जवाब भी दे सकते हैं। कई लोग ज़रूरत पड़ने पर इन रोबोट से रास्ते, पार्किंग और ट्रैफिक नियमों से जुड़ी जानकारी पूछ सकते हैं। इन रोबोट में एक इमरजेंसी फंक्शन भी है। ज़रूरत पड़ने पर इन रोबोट के ज़रिए ज़रूरतमंद लोगों को स्थानीय पुलिस से कनेक्ट किया जा सकता है।

Updated on:
21 Aug 2026 03:59 am
Published on:
21 Aug 2026 03:59 am