
यूक्रेन पर रूसी बैलिस्टिक मिसाइल से हमला (फोटो- X@ZelenskyyUA)
Russian Ballistic Missile Attack: रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर एक बड़ा बैलिस्टिक मिसाइल हमला किया है, जिससे शहर के जरूरी एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर और एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि पश्चिमी सहयोगियों से मिसाइल लॉन्च के बारे में कोई शुरुआती चेतावनी नहीं मिली थी। उन्होंने बताया कि यूक्रेन के एयर डिफेंस सिस्टम ने मिसाइलों का पता तब लगाया जब वे कीव की सीमाओं के बहुत करीब पहुंच चुकी थीं। जेलेंस्की ने कहा कि इस हफ्ते यह दूसरी ऐसी घटना है जब सहयोगी देशों से इंटेलिजेंस और रडार अलर्ट समय पर यूक्रेन तक नहीं पहुंच पाए।
सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि रूसी हमले का मुख्य निशाना CHPP-4 था, जो कीव का एक बड़ा पावर प्लांट है और शहर के बड़े हिस्से में बिजली और हीटिंग की सप्लाई करता है। उन्होंने बताया कि मिसाइल सीधे प्लांट के परिसर में गिरी, जिससे सुविधा को भारी नुकसान पहुंचा।
जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने एनर्जी सीजफायर का समर्थन किया था, लेकिन रूस अमेरिकी राष्ट्रपति के बयानों और अंतरराष्ट्रीय अपीलों की पूरी तरह अनदेखी करते हुए नागरिकों और एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बना रहा है। खुफिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए जेलेंसकी ने चेतावनी दी कि रूस आने वाले घंटों में और बैलिस्टिक मिसाइलें दागने की तैयारी कर रहा है।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि मिसाइल हमले की जद में एक रिहायशी इमारत भी आ गया, जिससे उसके अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई। आपातकालीन राहत और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और निवासियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
रॉयटर्स के अनुसार, कीव के मेयर ने बताया कि इस बहुमंजिला इमारत पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए। कई घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बचावकर्मी आग पर काबू पाने और निवासियों को बाहर निकालने में जुटे थे। जेलेंस्की ने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और जनता से रात के समय सतर्क रहने का आग्रह किया।
जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से फ़ोन पर बात की और उन्हें कीव पर हाल ही में हुए रूसी हमले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री को बताया कि इस हफ्ते यह दूसरी बार था जब यूक्रेन को बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च के बारे में पश्चिमी सहयोगियों से कोई पहले से चेतावनी नहीं मिली। जेलेंस्की ने कहा कि जहाँ रूस बुनियादी ढांचे को नष्ट कर रहा है और आम नागरिकों की जान ले रहा है, वहीं यूक्रेन को बैलिस्टिक हमलों के बारे में चेतावनी तक नहीं मिल रही है।
जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका और दुनिया को जमीनी हकीकत समझनी चाहिए कि युद्ध को लंबा खींचने और उसे बढ़ाने के लिए असल में कौन जिम्मेदार है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से आग्रह किया कि वे संघर्ष को खत्म करने और तनाव कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाएं।
Updated on:
14 Oct 2026 08:08 am
Published on:
14 Oct 2026 08:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
