
रूस-यूक्रेन युद्ध (Russia-Ukraine War) 42 महीने से ज़्यादा समय बीतने के बाद भी जारी है। रूस आए दिन ही यूक्रेन पर हमले करता रहता है जिससे यूक्रेन में अभी भी जान-माल के नुकसान का सिलसिला बरकरार है। इस युद्ध की वजह से अब तक यूक्रेन में काफी तबाही मच चुकी है। हालांकि इंटरनेशनल सपोर्ट की बदौलत यूक्रेनी सेना, रूसी सेना का सामना कर रही है। देर रात एक बार फिर रूस ने हवाई हमलों से यूक्रेन को दहला दिया।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि देर रात रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमले शुरू किए और रातभर यूक्रेन को दहलाया। रूस ने यूक्रेन पर क्रूज़ और बैलिस्टिक समेत 40 मिसाइलें और कई तरह के लगभग 580 ड्रोन दागें।
ज़ेलेन्स्की के अनुसार रूस ने नीपर और आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ माइकोलाइव, चेर्निहीव, ज़ापोरिज्जिया, पोल्टावा, कीव, ओडेसा, सूमी और खार्किव क्षेत्रों पर हमले किए। रूस ने यूक्रेन के बुनियादी ढांचे, रिहायशी इलाकों और नागरिक व्यवसायों को निशाना बनाया। नीपर में क्लस्टर हथियारों से लैस एक मिसाइल सीधे एक अपार्टमेंट बिल्डिंग से टकराई।
रूस के हमलों में यूक्रेन के 3 लोग मारे गए। कई लोग रूसी हमलों में घायल भी हुए, जिन्हें इलाज के लिए नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
ज़ेलेन्स्की ने यूक्रेनी एयरफोर्स को धन्यवाद दिया जिसने यूक्रेन की रक्षा की और कई मिसाइलों और ड्रोन्स को मार गिराया। ज़ेलेन्स्की ने कहा कि यूक्रेन ने साबित कर दिया है कि वह अपनी और यूरोप की रक्षा कर सकता है, लेकिन एक मज़बूत ढाल के लिए, सबको मिलकर काम करना होगा। एयरफोसे को मज़बूत करना ज़रूरी है, हथियारों की सप्लाई बढ़ाना ज़रूरी है और रूसी सेना और उसे फंडिंग मुहैया कराने वाले क्षेत्रों पर ज़्यादा से ज़्यादा प्रतिबंध लगाने चाहिए। ज़ेलेन्स्की ने यूक्रेन की मदद करने वाले सभी देशों को भी धन्यवाद दिया।